रुद्रपुर ट्रंचिंग ग्राउंड के कूड़े की समस्या का हल नहीं कर सकी डबल इंजन की सरकार, कूड़े का अंबार लोगों के घरों की दीवारों पर गिरना शुरू, संक्रमण फैलने की भी संभावना।

मीडिया ग्रुप, 05 दिसम्बर, 2021

रुद्रपुर। नगर निगम रुद्रपुर क्षेत्र के कूड़े का निस्तारण करने का कोई स्थाई हल नहीं निकाला जा सका है। किच्छा रोड स्थित पहाड़गंज के अंतर्गत कूड़े का कई फिट ऊंचा ढेर लगा है। जिससे गंदी स्मैल व बदबू हमेशा फैली रहती है और संक्रमण फैलने का खतरा बना रहता है।

ट्रंचिंग ग्राउंड को हटाए जाने के लिए आसपास की कॉलोनियों में निवास करने वाली जनता द्वारा बार-बार यह बात उठाई जाती रही है कि इसे शहर से बाहर स्थापित किया जाए लेकिन जनता की वर्षों से चली आ रही इस मांग को नगर निगम के मेयर और स्थानीय विधायक आज तक पूरा भी कर सकते हैं।

यही कारण है कि टचिंग ग्राउंड में कूड़े के ढेर कई फीट ऊंचे लगे हैं और अब स्थिति यह हो चुकी है कि कूड़ा आस पड़ोस में बने मकानों की छतों और दीवारों के साथ गिरना शुरू हो गया है जिसका स्थानीय निवासियों द्वारा विरोध भी शुरू कर दिया गया है।

वार्ड नंबर 15 स्थित पहाड़गंज में ट्रचिंग ग्राउंड से सटे कुछ मकानों की दीवारों और छतों पर कूड़ा गिरने से शनिवार को लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने नगर निगम के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए ट्रंचिंग के ग्राउंड के कूड़े का निस्तारण नहीं करने का आरोप लगाया।

गुस्साए लोगों ने कहा कि ट्रंचिंग ग्राउंड के कूड़ा निस्तारण करने के लिए लगाई गई करोड़ों रुपये की ट्रॉमल कन्वेयर मशीन दो महीने से खराब पड़ी है। इस कारण ट्रंचिंग ग्राउंड में फेेंके जा रहे कूड़े का निस्तारण नहीं हो रहा है।

ट्रंचिंग ग्राउंड में कूड़े के ढेर बढ़ने के कारण अब कूड़ा धीरे-धीरे सटे हुए मकानों की दीवारों के पास गिर रहा है। साथ ही कई मकानों के छतों पर भी कूड़ा गिर रहा है जिस कारण पहाड़गंज में संक्रामक रोग फैलने की आशंका बढ़ गई है।

उन्होंने आरोप लगाया कि ट्रंचिंग ग्राउंड में मेडिकल वेस्ट भी फेंका जा रहा है। इससे वायुमंडल में जहरीली गैस फैलने से लोगों को सांस की बीमारियां हो रही हैं। उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों पर ड्यूटी के प्रति लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए जल्द ही कूड़े का निस्तारण करने की मांग की।

वहां पर सामाजिक कार्यकर्ता शेख मोहम्मद उर्फ बदर, राशिद, विक्की थापा, पूजा, काजल, बबलू मंसूरी, सरीफ अहमद, सितारा, अख्तियार आदि थे।