उत्तराखंड : सीएम ने गन्ने का मूल्य 355 रुपये की घोषणा, चार साल से बन्द सितारगंज चीनी मिल का शुभारंभ।

मीडिया ग्रुप, 29 नवंबर, 2021

सितारगंज। चार वर्ष से बंद पड़ी सितारगंज चीनी मिल का आज मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुभारम्भ किया। इसके साथ ही चीनी मिल का पेराई सत्र भी शुरू हो गया। इस मौके पर सीएम के साथ विशिष्ट अतिथि गन्ना विकास व चीनी उद्योग मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, पूर्व मुख्य मंत्री विजय बहुगुणा एवं विधायक सौरभ बहुगुणा भी मौजूद रहे।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उत्तराखण्ड में 355 रूपये गन्ना मूल्य की घोषणा की। चीनी मिल के शुभारम्भ कार्यक्रम में सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि जनपद में सभी किसान भाईयों की समस्याओं का निस्तारण किया जा रहा है।

सितारगंज चीनी मिल में पेराई सत्र का शुभारंभ होने से खटीमा, सितारगंज किच्छा नानकमत्ता, टनकपुर के किसानों को इसका लाभ मिलेगा। आज क्षेत्र में  विकास का नया अध्याय शुरू हो गया है। गन्ना बेचने के लिये अब किसानों को बाजपुर बहेड़ी नहीं जाना पड़ेगा। पहले चीनी मिल को पीपीपी मोड में दिया गया लेकिन दोबारा शुरू करने में विलंब हुआ। अब सरकार ने ठोस निर्णय लेते सितारंगज में विशेष काम किया है।

उन्होंने कहा कि भविष्य में चीनी मिल चलती रहेगी। सीएम ने कहा कि सरकार किसानों के लिये चिंतित है। किसान के हितों की रक्षा के लिये प्राथमिकता से काम किया जायेगा। भारत के किसानों को उन्नत बनाने  के साथ उनकी आय दोगुनी करने के लिये डबल इंजन की सरकार काम कर रही है।

सीएम पुष्कर सिंह धामी ने  बताया कि यूपी में 350 रूपये प्रति कुंतल है। उन्होंने इस वर्ष उत्तराखड के गन्ना कृषकों को अगेती प्रजाति गन्ना का मूल्य 355 रूपये करने की घोषणा की। जबकि सामान्य किस्म का गन्ना 345 रूपये प्रति कुंतल मिलों द्वारा लिया जायेगा। क्रय केंदों से गन्ना भाड़ा घटाकर 9.50 रूपये किया गया है। विगत वर्ष की अपेक्षा 29.50 रूपये अधिक लाभ मिलेगा।

सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखंड में पीएम सम्मान निधि योजना से नौ लाख से अधिक किसानों को लाभ मिल रहा है। मृदा स्वास्थ्य कार्ड जारी किये गये है। सरकार प्रदेश में पहाड़ और मैदानी क्षेत्रोे में विभिन्न नीतियों पर काम कर रही है। सीएम ने कहा कि पूरे देश में उत्तराखंड ऐसा राज्य है जहां दो एम्स की सुविधा मिल रही है।

अब जिले में एम्स की नई शाखा संचालित की जायेगी जिससे स्वास्थ्य का लाभ कुमांऊ की जनता को मिलेगा। दिल्ली और ऋषिकेश जाना पड़ता था। केंद्र सरकार से अनुरोध के बाद राज्य को बड़ी राहत मिली है। सीएम ने कहा कि किच्छा से खटीमा रेल लाईन की योजना को शुरू किया जायेगा। टनकपुर बागेश्वर रेल परियोजना के लिये 29 करोड़ की धनराशि मिल गई है।

राज्य में सड़कों को हाईटेक किया जा रहा है। देहरादून और हरिद्वार, रामपुर, मुरादाबाद जाने के लिये सड़को पर जाम से राहत मिल गई है। सीएम ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में राज्य का चहुमुखी विकास हो रहा है। युवाओं को प्रोत्साहित करने के लिये अवसर दिये जा रहे है। नई खेल नीति से राज्य के खिलाड़ियों को लाभ मिलेगा। सीएम ने कहा कि सरकार रोजगार और स्वरोजगार मेले का आयोजन कर रही है।

राज्य के विकास के लिये केंद्र और राज्य सरकार मिलकर काम कर रही है। प्रदेश के सभी विभागों को दस साल का रोडमैप मांगा गया है। त्रिस्तरीय पंचायत प्रतिनिधियों को लाभानिवित किया गया है। राज्य में उद्योगपतियों की समस्याओं व विवादों का निस्तारण करने के लिये व्यवस्था बनायी जायेगी। आम जनता की समस्याओं और राहत देने के लिये आनलाईन सुझाव मांगे जा रहे है। तराई भाबर की लाईफलाईन जमरानी बांध परियोजना भी शुरू हो गई है।

वहीं विधायक सौरभ बहुगुणा ने चीनी मिल का शुभारंभ करने पर सीएम का आभार व्यक्त किया। इस दौरान  गन्ना विकास  मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने कहा कि सीएम पुष्कर सिंह धामी ने हमारा संकल्प पूरा किया है। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों के साथ है और हमेशा रहेगा। किसानों की आय दोगुनी की जायेगी।

सितारगंज में दोबारा चीनी मिल शुरू होने से क्षेत्र के किसानों को फायदा मिलेगा। स्वामी यतीश्वरानंद ने कहा कि सरकार गन्ना मूल्य बढ़ाया जायेगा। उत्तराखंड के किसानों का बकाया भुगतान किया गया है। उन्होंने कहा कि आगामी 2022 के चुनाव में पुनः भाजपा की सरकार बनेगी।

इस दौरान गन्ना सचिव हरवंश सिंह चुघ, अरविंद चैरसिया, सतीष उपाध्याय, शिव कुमार रमेश बावा, श्रीपाल सिंह राणा, संजय बाछाड़, संजय गोयल, इकबाल, भगवंत, किशन,कुलदीप, प्रकाश तिवारी, विकास, कमल, आदि मौजूद थे।