गदरपुर। गदरपुर बाईपास की सर्विस लेन पर रविवार देर शाम दिनदहाड़े हुई ताबड़तोड़ फायरिंग से इलाके में सनसनी फैल गई। स्कॉर्पियो समेत चार वाहनों में पहुंचे हमलावरों ने ग्राम बांसखेड़ी निवासी एक युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके बाद उसके साथियों की कार का पीछा करते हुए टायर पर भी गोली चला दी। टायर फटने से कार सरदारनगर के पास नहर में जा गिरी। पुलिस ने घायल को अस्पताल भिजवाकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार ग्राम बांसखेड़ी निवासी गगन अपने साथी सौरभ और सहज के साथ रुद्रपुर से लौट रहा था। तीनों सरदारनगर के पास सर्विस लेन में किसी का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान चार वाहनों में सवार युवक वहां पहुंचे। हमलावरों को देखकर गगन के दोनों साथी कार लेकर निकल गए, जबकि गगन पीछे रह गया। हमलावरों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिसमें उसके पैर में गोली लग गई।
इसके बाद हमलावरों ने भाग रही कार का पीछा किया और उसके टायर पर भी गोली चला दी। गोली लगने से टायर फट गया और कार अनियंत्रित होकर सरदारनगर के पास नहर में जा गिरी। हालांकि कार सवार दोनों युवक सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र सिंह बृजवाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और मामले की जांच शुरू कर दी है।
सीओ बाजपुर/गदरपुर अखलेश कुमार ने बताया कि आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमें गठित की गई हैं। घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
