रुद्रपुर। सिडकुल क्षेत्र की एक कंपनी में कार्यरत युवती ने तीन अज्ञात युवकों पर अपहरण कर सामूहिक दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, युवती शनिवार को अपनी सहेली और दो युवकों के साथ गदरपुर गई थी। देर रात करीब साढ़े 11 बजे सभी रुद्रपुर लौट रहे थे। आरोप है कि काशीपुर रोड स्थित रिंग रोड क्षेत्र के पास बाइक सवार तीन युवक पहुंचे और युवती, उसकी सहेली और दोनों साथियों के साथ मारपीट की। इसके बाद आरोपियों ने उन्हें धमकाकर अपने कब्जे में ले लिया और जंगल की ओर ले गए।
आरोप है कि युवकों ने पहले युवती की सहेली और एक युवक का मोबाइल फोन लेकर उन्हें छोड़ दिया। इसके बाद दूसरे युवक को भी छोड़ दिया, जबकि उसकी बाइक अपने साथ ले गए। आरोपियों पर युवती को जंगल में ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म करने का आरोप है। घटना की जानकारी मिलने पर युवती की सहेली ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तत्काल युवती की तलाश शुरू की। रविवार सुबह भूरारानी स्थित निर्माणाधीन रेलवे अंडरपास के पास झाड़ियों में युवती बदहवास अवस्था में मिली। पुलिस ने उसे बरामद कर मेडिकल परीक्षण कराया। पीड़िता की सहेली की तहरीर पर पुलिस ने तीन अज्ञात युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और घटनास्थल की पुष्टि के साथ आरोपियों की पहचान एवं गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। सीओ विभव सैनी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।
