उधमसिंह नगर। फोन कर बुलाने के बाद एक युवक के साथ मारपीट कर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने करीब चार माह बाद पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
काशीपुर पुलिस को दी गई तहरीर में ग्राम प्रतापपुर निवासी यश ने बताया कि 31 मार्च 2026 की शाम गांव के विजय ने उसे फोन कर केलामोड़ आने के लिए बुलाया। जब वह बताए गए स्थान पर पहुंचा तो वहां पहले से विजय के अलावा गौरव, हैरी, अनुज और 4-5 अन्य युवक मौजूद थे।
आरोप है कि विजय के इशारे पर सभी ने उसे घेर लिया और बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। मारपीट में गंभीर रूप से घायल होने के कारण उसे लंबे समय तक उपचार कराना पड़ा।
घटना के संबंध में पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने करीब चार माह बाद विजय, गौरव, हैरी, अनुज समेत पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्षेत्राधिकारी प्रशांत कुमार ने बताया कि पीड़ित यश की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है तथा जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
