सीओ पर युवकों से अभद्रता का आरोप, विधायक ने थाने का किया घेराव

उधमसिंह नगर। रात्रि गश्त के दौरान सीओ द्वारा कुछ युवकों को सड़क पर रोककर फटकार लगाने का मामला बुधवार को तूल पकड़ गया। युवकों से अभद्रता का आरोप लगाते हुए विधायक ने समर्थकों के साथ थाने का घेराव किया और कार्रवाई की मांग को लेकर कुमाऊं महानिरीक्षक से भी वार्ता की। बाद में सीओ द्वारा खेद व्यक्त किए जाने पर मामला शांत हो गया।

काशीपुर। बुधवार को जसपुर विधायक आदेश चौहान के नेतृत्व में कई लोगों ने कुंडा थाने पहुंचे और कोतवाल धीरेंद्र सिंह का घेराव किया। उनका आरोप था कि सोमवार-मंगलवार की मध्य रात्रि करीब तीन बजे कुंडा गांव के कुछ युवा मुर्गी फार्म से मैली लाने के लिए घर से निकले थे। वे सड़क किनारे एक दुकान पर चाय पीने के लिए खड़े थे। इसी दौरान सीओ प्रशांत कुमार वहां पहुंचे। आरोप है कि सीओ ने उनके साथ अभद्रता की और फटकार लगाई।

विधायक आदेश चौहान ने सोमवार की रात हुई घटना पर आक्रोश व्यक्त किया। उन्होंने इस संबंध में आईजी निवेदिता कुकरेती से फोन पर बात की। कुंडा थाने पहुंचे सीओ प्रशांत कुमार और विधायक के बीच वार्ता हुई। सीओ के खेद व्यक्त करने पर मामला शांत हो गया। सीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि मध्यरात्रि सड़क पर एकत्र होकर खड़े होने पर उन्होंने लोगों को टोका था। उनकी मंशा किसी का अपमान करने की नही थी। घेराव करने वालों में पूर्व प्रमुख रवि कुमार, जिला पंचायत सदस्य मौ. असद, सरफराज हुसैन, शेर अली, सुरेंद्र सिंह, फुरकान, मुशाहिद हुसैन, अब्दुल सलाम आदि थे।