रुद्रपुर : नशे की खुमारी में रफ्तार से मोहब्बत कर रहे चालक

रुद्रपुर। शराब पीकर वाहन चलाना न केवल स्वयं की बल्कि दूसरों की जान के लिए भी खतरा बन सकता है, इसके बावजूद कई लोग इस लापरवाही से बाज नहीं आ रहे हैं। परिवहन विभाग की ओर से चालू वित्तीय वर्ष के पहले दो महीनों में शराब के नशे में वाहन चलाने के 12 मामलों में कार्रवाई की गई है।

सहायक संभागीय परिवहन कार्यालय के अनुसार मई माह में चलाए गए चेकिंग अभियान के दौरान आठ चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पकड़े गए, जबकि अप्रैल में ऐसे चार मामलों में कार्रवाई की गई थी। यह स्थिति तब है जब पुलिस और एआरटीओ लगातार प्रवर्तन अभियान चलाने के साथ-साथ वाहन चालकों को जागरूक भी कर रहे हैं।

उधर, सिटी पेट्रोल यूनिट (सीपीयू) भी शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है। मंगलवार को चेकिंग के दौरान एक कार चालक और बुधवार को एक बाइक चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पकड़ा गया। सीपीयू ने पिछले वर्ष नवंबर से अब तक ऐसे 11 मामलों में कार्रवाई की है, जिनमें चार कार चालक और सात दोपहिया वाहन चालक शामिल हैं।

सीपीयू प्रभारी दिनेश चंद्र उप्रेती ने बताया कि शराब पीकर वाहन चलाते पाए जाने पर वाहन को सीज करने के साथ चालक का लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई की जाती है।

एआरटीओ प्रशासन मोहित कोठारी ने बताया कि प्रवर्तन दल वाहनों की जांच अत्याधुनिक एल्कोमीटर से करता है। शराब पीने की पुष्टि होने पर वाहन सीज करने के साथ संबंधित चालक का लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई की जाती है।