हल्द्वानी : स्टार्टअप कंपनी में निवेश के नाम पर लाखों की ठगी

हल्द्वानी। स्टार्टअप कंपनी में निवेश करने के नाम पर लाखों रूपए की ठगी करने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने इस संबंध में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। हल्द्वानी निवासी शुभम ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि वह स्टार्टअप कंपनियों में इंवेस्ट करता है। 14 मार्च 2022 को उसकी मुलाकात इंस्टाग्राम के माध्यम से कैलाश से हुई।

मुलाकात के बाद वह 10 अप्रैल 2022 को उसके घर पर आया और बिजनेस प्रपोजल दिया। उसने बताया कि वह द्विमत नाम की संस्था चलाता है। संस्था के माध्यम से वह मुन्स्यारी, डीडीहाट, धारचूला के स्थानीय उत्पाद एवं जड़ी बूटी जैसे दालें, मडुवा, हर्बल टी, आदि उत्पाद लेकर उसे दूसरे राज्यों एवं बड़े शहरों में बेचता है।

अगर वह उसकी संस्था में निवेश करता है तो उसमें 12 लाख 12 हजार 750 रूपए निवेश करने पर 9 लाख 7 हजार 250 रूपए का मुनाफा होगा। तहरीर में कहा गया है कि यह बात अपने मित्र तनुज मर्ताेलिया निवासी देहरादून को बताई तो उसने भी निवेश करने की रूचि दिखाई, जिसके बाद कैलाश सिंह सामंत हमें विश्वास में लेकर हमे अपने साथ अपने डीडीहाट वाले आवास पर ले गया।

यहां पहुंच कर उसने अपनी दुकान एवं सामान का स्टाक दिखाया। इसके अलावा उसने सामान जहां-जहां स्टॉक किया था वहां की फोटो भी उसने दिखाई। पीड़ित का कहना है कि कोराना काल में उसने 3 लाख कीमत के मास्क, सेनेटाइजर आदि खरीदे थे।

कैलाश सामंत ने 3 लाख कीमत के एन95 मास्क जिनकी कीमत लगभग 3 लाख रुपये थी, उसे उसने बेचने की बात कही। उसकी बात पर भरोसा करके उसने पूरा माल उसे दे दिया। मास्क से मिले पैसे उसने वापस नहीं किए और अपनी संस्था में लगा दिए।

आरोप है की वह अलग-अलग गूगल पे नंबर देता और पैसा डालने केा कहते रहता। इस तरह से शुभम और तनुज ने 65 लाख 50 हजार रूपए उसे दे दिए। जब उससे पैसा मांगने का तकाजा किया जाने लगा तो वह बहाने बनाने लगा। पीड़ित ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने क मांग की है। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।