उधमसिंह नगर : चीनी मिल बंद होने पर किसानों ने चीफ इंजीनियर को बनाया बंधक

बाजपुर। चीनी मिल रविवार सुबह करीब 10:30 बजे तकनीकी गड़बड़ी के चलते बंद हो गई। मिल के अचानक बंद होने की सूचना पर किसानों ने चीनी मिल में पहुंचकर हंगामा किया और चीफ इंजीनियर नारायण सिंह का घेराव किया और कुछ देर के लिए चीफ इंजीनियर को बंधक भी बनाया।

इस दौरान किसानों की चीफ इंजीनियर के साथ झड़प भी हो गई। सूचना पर पहुंचे मिल के महाप्रबंधक हरबीर सिंह ने जल्द ही मिल सुचारू करने का भरोसा दिया जिस पर किसान शांत हुए।

जानकारी के अनुसार सुबह चीनी मिल का एक प्लांट अचानक बंद हो गया जिस पर नाराज किसानों ने हंगामा कर चीफ इंजीनियर नारायण सिंह का घेराव किया। इस दौरान किसानों की चीफ इंजीनियर नोकझोंक भी हुई।

किसानों का आरोप था कि तीन दिन से मिल सुचारू गति से नहीं चल रही है। मिल के गेट की पर्चियां भी किसानों कम मिल रही हैं जिससे किसान परेशान है। मिल की मरम्मत के चलते चीनी मिल का पेराई सत्र भी देर से शुरू किया गया। अब फिर से दिक्कत होने पर किसान भड़क गए।

चीफ इंजीनियर को बंधक बनाने की सूचना पर मिल के महाप्रबंधक हरबीर सिंह मौके पर पहुंचे और उन्होंने किसानों को बताया कि टरबाइन खराब होने के चलते मिल का बड़ा प्लांट बंद है।

बताया कि पार्ट्स मंगाया गया है और देर रात तक मिल शुरू हो जाएगी। कहा कि मिल का छोटा प्लांट चल रहा है। इस पर किसान शांत हुए।