महिला डॉक्टर से लाखों की ठगी।

मीडिया ग्रुप, 29 जून, 2023

अनपढ़ या कम पढ़े लिखे लोगों का ठगी का शिकार हो जाना सामान्य बात हो चुकी है। परंतु पिछले काफी समय से उच्च शिक्षा ग्रहण किए लोग भी ठगी का शिकार हो रहे हैं।

ऐसा ही एक और मामला हल्द्वानी से सामने आया है जिसमे जालसाज दंपति ने शहर की महिला डॉक्टर को एक कंपनी में पार्टनर बनाने के नाम पर लाखों की ठगी कर ली।

जब तक महिला डाक्टर दंपत्ति के इरादों को भांप पाती उसके तीस लाख रुपए ठगे जा चुके थे। पीड़िता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार डा. मधु किरण ने पुलिस को सौंपी तहरीर में कहा कि वह स्वेतकेतु हेल्थ प्राइवेट लिमिटेड संस्था चलाती हैं। पीड़िता ने बताया कि मई 2022 में पति के परिचित अंकुश श्रीवास्तव और प्रियंका श्रीवास्तव से उनकी मुलाकात हुई।

दोनों ने खुद को दंपति और कई कंपनियों का मालिक बताया। साथ ही बताया कि आगरा में उनकी एक कंपनी है और अगर वह कंपनी के शेयर खरीदें तो कंपनी के पार्टनर भी बन सकते हैं।

मधु किरन ने बताया कि वह जालसाज दंपति की बातों में आ गई और 25 लाख रुपये आरोपियों के खाते में डाल दिए। कुछ समय बाद आरोपियों ने मशीनरी खरीदने की बात कहकर दो किस्तों में पांच लाख रुपये और मांगे तो वह भी उनके खाते में डाल दिए गए।

जब एग्रीमेंट कराने का समय आया तो जालसाज दंपति टालमटोल करते रहे। शक होने पर उन्होंने अपने स्तर से छानबीन की तो पता चला कि अंकुश पहले से धोखाधड़ी के कई मामलों में आरोपी है।

पीड़िता का कहना है कि मामले की शिकायत एसएसपी से की गई। एसएसपी पंकज भट्ट के आदेश के बाद पुलिस ने जालसाज दंपति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।