मीडिया ग्रुप, 31 जनवरी, 2023
काशीपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र के मोहल्ला हजरत नगर काली बस्ती में सोमवार शाम मामूली बात पर पड़ोसियों ने एक महिला की बेरहमी से पिटाई करते हुए उसे मौत के घाट उतार दिया। आरोपियों ने जाते- जाते धमकाया कि यदि मुंह खोला तो परिवार के अन्य सदस्यों को भी मौत के घाट उतार दिया जाएगा।
पुलिस ने इस मामले में तहरीर के आधार पर दंपति समेत तीन लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज करते हुए अभियुक्तों की गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए। घटना के बारे में पुलिस को तहरीर देकर काशीपुर निवासी नसीम ने बताया कि गत सोमवार की शाम 4ः45 बजे के करीब ढेला बस्ती निवासी उसके रिश्तेदार मिलने के लिए उसके घर आ रही थे।
इस दौरान पड़ोस में रहने वाले आरिफ नामक व्यक्ति का हाथ उनके मोटरसाइकिल पर लग गया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच झड़प होने लगी। आसपास के लोगों द्वारा समझाने पर उस वक्त आरिफ शांत हो गया लेकिन कुछ देर बाद आरोप है कि वह पिता व मां को साथ लेकर उसके घर आ धमका और गाली गलौज करते हुए मार पिटाई शुरू कर दी।
शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि झगड़ा फसाद के दौरान जब उसकी मां ने बीच-बचाव का प्रयास किया तो उपरोक्त तीनों आरोपियों ने वृद्ध महिला की बुरी तरह पिटाई करते हुए उसे मौत के घाट उतार दिया और मुंह खोलने की आवाज में जान से मारने की धमकी देते हुए तीनों मौके से फरार हो गए। मारपीट की उक्त घटना में शिकायतकर्ता तथा उसके पुत्र को भी गंभीर चोटें आई।
शिकायतकर्ता ने पुलिस को दी तहरीर में यह भी बताया कि आरोपी नशे की गैरकानूनी कारोबार से भी जुड़ा हुआ है। फिलहाल पुलिस ने तहरीर के आधार पर दंपति समेत तीनों आरोपियों के विरुद्ध गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज करते हुए अभियुक्तों के गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए।



