‘जो राम को लाए हैं..हम उनको लाएंगे..’ भजन सुन कांग्रेस पार्षद ने दिया इस्तीफा।

मीडिया ग्रुप, 05 दिसंबर, 2022

इंसान का ह्रदय कभी परिवर्तित हो सकता है। ऐसा ही एक मामला पंजाब के लुधियाना में सामने आया है। यहां कांग्रेस की एक महिला पार्षद ने भजन सुनने के बाद इस्तीफा दे दिया। उनका यह इस्तीफा चर्चा में है। लुधियाना में शनिवार की रात एक धार्मिक समारोह का आयोजन किया गया था।

धार्मिक समारोह में भजन गायक कन्हैया मित्तल ‘जो राम को लाए हैं… हम उनको लाएंगे’ भजन गा रहे थे। इस भजन को सुनकर कार्यक्रम में आईं कांग्रेस पार्षद राशि अचानक मंच पर पहुंची और कार्यक्रम को रोक कांग्रेस को अलविदा कहने का एलान कर दिया।

उनके इस एलान से लुधियाना के लोग हैरान है क्योंकि आयोजन धार्मिक समारोह का था। मगर मंच से पार्षद ने कांग्रेस छोड़ने की घोषणा कर दी। राशि ने कहा कि वे कन्हैया मित्तल के बारे में ज्यादा नहीं जानती हैं लेकिल उनका भजन ‘जो राम को लाए है… हम उनको लाएंगे’ से काफी प्रभावित हैं।

राशि ने भाजपा में जाने की स्पष्ट बात तो नहीं की मगर इशारा जरूर किया है। कार्यक्रम में राशि ने कहा कि वह पांच साल पहले राजनीति में आई थीं लेकिन राजनीति में आने से पहले उनकी सोच भाजपा से प्रभावित थी लेकिन उनके ससुर कांग्रेसी हैं। यही वजह है कि उन्होंने कांग्रेस पार्टी ज्वाइन की और पार्षद बन गईं।

भाजपा के जिला प्रधान पुष्पिंदर सिंहल ने बताया कि भाजपा में शामिल होने कोई भी आ सकता है, जो भारत का नागरकि हो। रही बात राशि की तो वह भी भाजपा ज्वाइन कर सकती हैं, उनका स्वागत है। फिलहाल उन्होंने कोई संपर्क नहीं किया है। अगर वे आती हैं तो उन्हें प्राथमिक सदस्य देकर पार्टी में शामिल किया जाएगा।