ऊधमसिंह नगर : शादी के बाद ससुराल पहुंची दुल्हन ने कार से उतरने से किया मना, वापिस पहुंची मायके, दूल्हा बदलने का आरोप।

मीडिया ग्रुप, 29 नवंबर, 2022

ऊधमसिंह नगर में शादी का एक ऐसा मामला सामने आया जहां ससुराल पहुंची दुल्हन ने कार से नीचे उतरने से ही इंकार कर दिया। दुल्हन को वापिस मायके पहुंचाया गया। शादी विवाह की खबरें अक्सर चर्चा बटोरती हैं। अक्सर शादी के दौरान या मंडप में कई बार कुछ ऐसा हो जाता है कि खुशियों की जगह हंगामा मच जाता है।

ऐसा ही मामला बाजपुर के एक गांव का भी चर्चा का विषय बना हुआ है जहां शादी के बाद दुल्हन विदा होकर सुसराल पहुंची। दुल्हन ने कार से उतरने से मना कर दिया और उल्टे पांव मायके लौट गई। उसने जो कारण बताया, उसे सुनकर लोग भौचक्के रहे गए।

बाजपुर के दोराहा चौकी क्षेत्र के गांव निवासी युवक का निकाह मुरादाबाद के भगतपुर क्षेत्र के एक गांव की युवती से तय हुई थी। शनिवार को दूल्हा पक्ष के लोग बारात लेकर दुल्हन के दरवाजे पहुंचे, जिसके बाद सभी रस्में हंसी-खुशी के माहौल में हुई। दुल्हन पक्ष ने भी बारात का खूब सत्कार किया।

रविवार सुबह बेटी को स्वजनों ने दूल्हे के साथ भीगी पलकों के साथ विदा भी कर दिया। दूल्हा अपनी दुल्हन को लेकर अपने घर बाजपुर पहुंचा तो हंगामा मच गया। दूल्हा दुल्हन के घर पहुंचने पर सभी लोग घर के नए मेहमान के स्वागत को उत्सुक थे और उन्हें गृह प्रवेश कराने के लिए कार से उतारने लगे तो दुल्हन से कार से उतरने से ही मना कर दिया।

दुल्हन की बातें सुनकर दूल्हा और दूल्हे के स्वजन चौंक पड़े। दुल्हन ने कहा कि उसकी शादी किसी और से तय हुई थी, मगर शादी किसी और से कर दी गई। दूल्हा पक्ष के लाख समझाने के बाद भी दुल्हन ने कार से उतरने से इन्कार कर दिया, जिसके बाद दूल्हन अपने मायके वापस लौट गई।

बेटी के मायके पहुंचने पर लोग हैरान रह गए। कारण पूछने पर उसने बताया कि उसका निकाह जिस लड़के के साथ तय हुआ था, निकाह करने वाला शख्स दूसरा है। उसकी शादी किसी दूसरे लड़के से करा दी गई है। कार में बैठने के बाद जब उसने शौहर का चेहरा देखा तो इसका पता चला। इसके बाद पंचायत बुलाई गई, जिसमें हुए निर्णय के बाद दूल्हे ने दूल्हन पक्ष की ओर से मिले गहने और सभी सामान वापस कर दिए और दोनों अपने अपने घरों को चले गए।