उत्तर प्रदेश : शादी का झांसा देकर महिला चिकित्सक से 10 लाख की धोखाधड़ी।

मीडिया ग्रुप, 09 अगस्त, 2022

आगरा के एक अस्पताल में कार्यरत महिला चिकित्सक के साथ शादी का झांसा देकर 10 लाख रुपये की धोखाधड़ी कर ली गई। पुलिस से शिकायत करने पर सुनवाई नहीं हुई। पीड़िता ने डीजीपी से गुहार लगाई। इसके बाद मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है।

महिला चिकित्सक न्यू आगरा क्षेत्र की रहने वाली हैं। उन्होंने रिश्ते के लिए डॉक्टरों की एक वेबसाइट पर पंजीकरण कराया था। मार्च में उनसे एक व्यक्ति ने संपर्क किया। युवक ने कहा कि वो अमेरिका में डॉक्टर हैं। राजस्थान के भीलवाड़ा में परिवार रहता है। वह बातचीत करने लगा और महिला को अपनी बातों के जाल में फंसा लिया।

आरोप है कि आरोपी ने एक दिन 10 लाख रुपयों की मांग की। बताया कि मां बीमार हैं। रुपयों की जरूरत है। वेतन नहीं मिलने की वजह से दिक्कत है।

कुछ दिन में उधार लिए रुपये लौटा देंगे। महिला चिकित्सक ने अपने परिचितों से रकम का इंतजार किया। इसके बाद आरोपी को दे दी। मगर, उसने फिर से रकम मांगना शुरू कर दिया। इस पर पीड़िता को शक हो गया। उन्होंने पता किया।

इसमें सामने आया कि आरोपी कई और के साथ ऐसा कर चुका है। उन्होंने रुपये मांगने से मना कर दिया। इस पर उनके फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी दी। पीड़िता ने तत्कालीन एसएसपी से शिकायत की थी। आरोप है कि पुलिस ने कोई सुनवाई नहीं की। हार थककर पीड़िता ने डीजीपी को शिकायती पत्र भेजा। अब मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस साक्ष्य जुटा रही है।