उत्तराखंड : कलयुगी पिता द्वारा नाबालिग बेटी के साथ दुष्कर्म, गिरफ्तार।

मीडिया ग्रुप, 14 जुलाई, 2022

हरिद्वार। भगवानपुर क्षेत्र में एक कलयुगी पिता द्वारा अपनी नाबालिग बेटी से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता ने अपने स्कूल के प्रधानाचार्य से इसकी शिकायत की। जिसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा। पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है। मूल रूप से जिला रोहतास, बिहार निवासी एक व्यक्ति भगवानपुर क्षेत्र के एक गांव में अपनी पत्नी और तीन बच्चों के साथ किराए पर रहता है। वह एक फैक्ट्री में काम करता है।

उसकी नाबालिग बेटी क्षेत्र के एक इंटर कालेज में आठवीं की छात्रा है। मंगलवार को छात्रा ने अपने स्कूल के प्रधानाचार्य को बताया कि उसका पिता उसके साथ कई बार दुष्कर्म कर चुका है। छात्रा की बात सुनकर प्रधानाचार्य के होश उड़ गए। आनन-फानन में प्रधानाचार्य ने भगवानपुर थाने पहुंच पुलिस को मामले की शिकायत की। प्रधानाचार्य की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने इस मामले में प्रधानाचार्य की तहरीर पर आरोपी पिता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।पुलिस के मुताबिक दुष्कर्म का आरोपी पिता पहले पश्चिम बंगाल में नौकरी करता था। वहां पर भी उसने बेटी के साथ दुष्कर्म किया था। छानबीन में पता चला है कि आरोपित अपनी पत्नी को धोखे से घर से बाहर भेज देता था और बेटी से दुष्कर्म करता था।

पीड़िता ने परेशान होकर प्रधानाचार्य को पूरे मामले से अवगत कराया। जिसके बाद यह कार्रवाई की गई। पुलिस ने छात्रा का मेडिकल कराया है।