उधामसिंह नगर : रुद्रपुर में फायरिंग, युवक की हालत गंभीर।

मीडिया ग्रुप, 29 मई, 2022

रूद्रपुर। पुरानी रंजिश के चलते आज ग्राम फुलसुंगी के एक निजी हाॅस्पीटल में चाचा के पुत्र को खाना देने जा रहे युवक पर मार्ग में पहले से घात लगाकर बैठे अज्ञात लोगों ने फायरिंग कर दी जिससे एक गोली युवक के गले को छूते हुए निकल गई। युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। फायर की आवाज सुनकर आस पड़ोस के लोगों के आ जाने से हमलावर हवाई फायर करते हुए फरार हो गये। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे और उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर मौके पर मौजूद लोगों से आवश्यक जानकारी ली। हमलावरों की पहचान के लिए पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी देखी। गंभीर रूप से घायल युवक को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार ग्राम बगवाड़ा निवासी शानुप्रताप के चाचा का पुत्र उपचार के लिए ग्राम फुलसुंगी स्थित एक निजी हाॅस्पीटल में भर्ती है। आज प्रातः शानुप्रताप उसे खाना देने के लिए हाॅस्पीटल जा रहा था। जब वह हाॅस्पीटल के पास पहुंचा तो इसी दौरान मार्ग किनारे पहले से घात लगाकर बैठे 4-5 युवकों ने उसे घेर कर उसे जान से मारने की नियत से उस पर फायर कर दिया। जब शानु ने अपना बचाव किया तो गोली उसके गले को छूती हुई निकल गई। गोली लगने से वह जख्मी हो गया। इधर फायर की आवाज सुनकर आसपास खड़े कई लोग आ पहुंचे। लोगों को आता देख हमलावर हवाई फायर करते हुए तमंचा छोड़कर मौके से फरार हो गये।

मामले की जानकारी मिलते ही मौके पर एसआई पूरन सिंह तोमर, एसआई मनोज कुमार समेत अन्य पुलिस अधिकारी पहुंच गए। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर लोगों से आवश्यक जानकारी ली और घायल शाानुप्रताप को उपचार के लिये जिला चिकित्सालय भिजवाया। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी देखी। पुलिस का कहना है कि हमलावरों को शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जायेगा। समाचार लिखे जाने तक परिजनों द्वारा तहरीर नहीं दी गई थी। घटना के पीछे पुरानी रंजिश बताई जा रही है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।