रुद्रपुर में संदिग्ध हालातों में फंदे से लटका मिला युवक का शव, परिवार में कोहराम।

मीडिया ग्रुप, 28 मई, 2022

रूद्रपुर। संदिग्ध हालातों में एक युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी। मृतक घर के कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना से मृतक के परिजनों में कोहराम मचा है। मृतक के पिता ने एक शादी समारोह में पुत्र के साथ मारपीट होने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जानकारी के मुताबिक मूल रूप से बलिया निवासी 30 वर्षीय अयूब परिवार के साथ यहां गंगापुर में रहकर मजदूरी करता था।

बीती रात करीब 11 बजे वह घर के कमरे में फंदे से लटका मिला। इससे परिजनों के होश उड़ गये। परिजन आनन फानन में उसे फंदे से उतारकर निजी अस्पताल लेकर पहुंचे जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजन मृतक के शव को अस्पताल से घर ले गये। तभी किसी ने 112 पर पुलिस को सूचना दे दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। घटना से परिवार में कोहराम मचा है। मृतक के तीन बच्चे है।

अयूब के पिता का आरोप है कि अयूब बीती रात गांव में ही किसी शादी में गया था। वहां पर उसके साथ कुछ लोगों ने मारपीट की थी। वहां से आने के बाद उसने यह कदम उठाया। पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है। थाना ट्रांजिट कैंप के निरीक्षक सुंदरम शर्मा ने बताया कि परिजन मृतक का पोस्टमार्टम नहीं कराना चाह रहे थे। उन्होंने कहा कि परिजनों ने शादी समारोह में मृतक का विवाद होने की बात कही है। इसकी जांच की जा रही है।