रुद्रपुर : चीमा हॉस्पिटल में मरीज की मौत पर हंगामा, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप

रुद्रपुर। चीमा हॉस्पिटल एंड ट्रॉमा सेंटर में एक मरीज की मौत के बाद परिजनों ने हंगामा कर दिया। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और डॉक्टर पर इलाज में लापरवाही बरतने तथा कथित तौर पर संक्रमित खून चढ़ाने का आरोप लगाया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जानकारी के अनुसार, मृतक बाजपुर का रहने वाला था और उसे शुगर की समस्या थी। परिजनों का कहना है कि मरीज सोमवार को खुद चलकर अस्पताल आया था और मंगलवार दोपहर तक उसकी हालत ठीक थी। मृतक की बहन के अनुसार, उसने दोपहर में जूस पीने के बाद खाना भी खाया था। इसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई।

परिजनों ने आरोप लगाया कि डॉक्टर ने एक दिन पहले मरीज को खून चढ़ाने से इनकार करते हुए ब्लड में संक्रमण होने की बात कही थी। उनका दावा है कि इसके बावजूद अगले दिन मरीज को खून चढ़ाया गया। परिजनों ने मरीज का पेट फूलने और हार्ट अटैक से मौत होने की आशंका भी जताई है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।

मृतक की बहन ने भावुक होते हुए आरोप लगाया कि जब वह अपने भाई की मौत पर रो रही थी, तब डॉक्टर हंस रहा था। परिजनों ने अस्पताल में मरीजों की देखभाल को लेकर भी सवाल उठाए और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।

मौके पर पहुंचे कांग्रेस के जिलाध्यक्ष हिमांशु गाबा ने भी अस्पताल की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए मामले की जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में मरीजों की जान की कीमत होनी चाहिए और केवल पैसे कमाने पर ध्यान नहीं दिया जाना चाहिए।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों को पुलिस चौकी में तहरीर देने के लिए कहा गया है। फिलहाल, मामले में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।