रामनगर। अग्रवाल सभा समिति पीरूमदारा की ओर से बुधवार, 14 अक्टूबर 2026 को श्री महाराजा अग्रसेन जयंती के अवसर पर भव्य समारोह का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम दोपहर 12 बजे से ला बेलव्यू (क्लब एंड रिसॉर्ट), प्रेम चुनरिया बैंक्वेट हॉल के निकट, काशीपुर रोड, पीरूमदारा, रामनगर में आयोजित होगा। समारोह में अग्रवाल समाज के लोगों को आमंत्रित किया गया है।
अग्रवाल सभा समिति पीरूमदारा के अध्यक्ष नीरज अग्रवाल ने बताया कि समारोह में बच्चों द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुतियां दी जाएंगी। इसके अलावा श्री महाराजा अग्रसेन जी के जीवन, आदर्शों और समाज के प्रति उनके योगदान पर आधारित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता के विजेताओं को सरप्राइज गिफ्ट देकर सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम में समाज के लोगों के आपसी मिलन और दोपहर के भोजन की भी व्यवस्था रहेगी।
समिति के सचिव अधिवक्ता डॉ. मनु अग्रवाल ने कहा कि महाराजा अग्रसेन जी का जीवन समानता, सेवा, सहयोग और भाईचारे का संदेश देता है। उनके आदर्श आज भी समाज को एकता, सद्भाव और परोपकार की प्रेरणा देते हैं। जयंती समारोह का उद्देश्य उनके विचारों एवं आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ समाज में आपसी एकता और सौहार्द को मजबूत करना है।
कार्यक्रम में विशेष सहयोगकर्ता के रूप में राजेश मित्तल का सहयोग रहेगा। आयोजन की तैयारियों को लेकर अग्रवाल सभा समिति पीरूमदारा के पदाधिकारियों की बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में अध्यक्ष नीरज अग्रवाल, सचिव अधिवक्ता डॉ. मनु अग्रवाल, उपाध्यक्ष अनुराग अग्रवाल, संगठन मंत्री राहुल अग्रवाल, प्रबंधक संदीप अग्रवाल, कोषाध्यक्ष अवनीत अग्रवाल और उपसचिव सुशील बंसल सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
अग्रवाल सभा समिति पीरूमदारा ने समाज के सभी बंधुओं से अधिक से अधिक संख्या में समारोह में पहुंचने, आयोजन की शोभा बढ़ाने और श्री महाराजा अग्रसेन जी के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने की अपील की है।



