उधमसिंह नगर : रुद्रपुर में पुलिस अभिरक्षा से फरार पास्को आरोपी गिरफ्तार।

मीडिया ग्रुप, 25 मई, 2022

रुद्रपुर। हल्द्वानी जेल से पेशी पर लाए गए पॉस्को के आरोपी के पुलिस अभिरक्षा से फरार होने के बाद हरकत में आई पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। बुधवार दोपहर बाद पुलिस कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक मंगलवार को हल्द्वानी जेल से पास्को में बंद आरोपी रिंकू समेत अन्य आरोपियों को पेशी के लिए लाया गया था।

शाम को कैदियों के वापसी के दौरान गिनती हुई। एक कैदी कम हुआ। एक कैदी के कम होने पर पुलिस कर्मियों में हड़कंप मच गया। इसकी जानकारी जेल प्रशासन के साथ ही जिला पुलिस को अवगत कराया गया था। पास्को में बंद आरोपी के भाग जाने के बाद संबंधित थाना के अलावा अन्य थानों की पुलिस उसकी तलाश में जुट गई।

पुलिस ने उसे देर रात को गिरफ्तार कर लिया। बाद में उसे पंतनगर थाने ले जाया गया। पुलिस के मुताबिक आरोपी रिंकू को वर्ष 2021 में दुष्कर्म के मामले में जेल भेजा गया था। तब से आरोपी जेल में ही बंद है। मंगलवार को कोर्ट में पेशी पर लाया गया था। फरार आरोपी के पकड़े जाने के बाद पुलिस अधिकारियों ने राहत की सांस ली।

बता दें कि आरोपी के फरार होने के बाद पुलिस के अधिकारी कोई जवाब देने को तैयार नहीं थे। बयान देने से बचते रहे। मंगलवार को कोर्ट में पेशी पर लाए गए पास्को के आरोपी के फरार होने पर पुलिस कर्मियों की लापरवाही उजागर हुई है। सूत्रों की माने तो आरोपी कब फरार हो गया, इसकी भनक ड्यूटी में तैनात पुलिस कर्मियों को नहीं लगी।

जब वापसी के लिए हल्द्वानी से लाए कैदियों की गिनती हुई,तब एक कैदी कम हुआ। सूत्र बताते हैं कि तब पुलिस कर्मियों ने गिनती करने के बाद पता निकाला कि पास्को का आरोपी रिंकू गायब है।