उधमसिंह नगर : नव विवाहिता की मायके में संदिग्ध मौत, ससुरालियों पर उत्पीड़न का आरोप।

मीडिया ग्रुप, 12 मई, 2022

काशीपुर। कुंडा थाना क्षेत्र के ग्राम सरवरखेड़ा में देर रात मायके आई नवविवाहिता की छत से गिरकर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसकी शादी को लगभग 2 माह हुए थे। दहेज को लेकर विवाद चल रहा था।

जानकारी के मुताबिक मोहम्मद ने अपनी पुत्री शबा का निकाह बीते 1 मार्च को उत्तर प्रदेश निवासी मुशीर नामक युवक के साथ मुस्लिम रीति रिवाज से किया। बताया जा रहा है कि शादी में लगभग 24 लाख रुपए नगद दिए गए बावजूद इसके विवाहिता का दांपत्य जीवन अधिक दिनों तक सुखी नहीं रह सका।

आरोप है कि शादी के कुछ दिन बाद ही उसे लोभी ससुरालियों ने फॉर्च्यूनर कार की खातिर बुरी तरह प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। मामला अत्यधिक बढ़ने पर 2 दिन पूर्व नवविवाहिता ने इस मामले की शिकायत मायके वालों से करते हुए अनहोनी की आशंका जताई।

विवाहिता के पिता को जब इसका पता चला तो बेटी की खैर खबर लेने पर तत्काल उसकी ससुराल पहुंच गए। वहां मामला गंभीर देख वह पुत्री को साथ लेकर वापस घर लौट आए।

पिछले 2 दिनों से दहेज के इसी विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच पंचायत चल रही थी कि इसी बीच गत बुधवार की रात्रि लगभग 9ः30 बजे नवविवाहिता ने अपने ही दो मंजिला मकान की छत से कूदकर मौत को गले लगा लिया।

मृतका के परिजनों का कहना है कि जिस वक्त घटना हुई मोबाइल फोन पर मृतका अपने पति से बात कर रही थी। उसका पति दहेज में फॉर्च्यूनर की डिमांड वाली बात पर उसे लगातार धमका रहा था इसी से आजिज आकर विवाहिता ने छत से कूदकर मौत को गले लगा लिया।

इस घटना को लेकर कन्या पक्ष तथा उनके संबंधियों समेत शहर के लोगों में खासा आक्रोश देखा जा रहा है। पुलिस ने आज मृतका के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया।