उधमसिंह नगर : पैंगोलिन शल्क के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, मुकदमा दर्ज।

मीडिया ग्रुप, 22 अप्रैल, 2022

रूद्रपुर। उत्तराखण्ड एसटीएफ ने 3 किलो से अधिक पेंगोलिन शल्क के साथ दो वन्य जीव तस्करों को गिरफ्तार किया है। राज्य में बढ़ते वन्य जीव जन्तुओं की अवैध तस्करी की रोकथाम हेतु चलाये जा रहे अभियान के तहत सीओ एसटीएफ डाँ. पूर्णिमा गर्ग के नेतृत्व में गठित टीम ने वन विभाग खटीमा के साथ मिलकर संयुक्त कार्यवाही की।

इस दौरान कुमराह मार्ग खटीमा क्षेत्र से वन्य जीव तस्कर तोले सिंह निवासी ग्राम घुसरी थाना नानकमत्ता एवं अरूण कुमार निवासी ग्राम मटीहा थाना नानकमत्ता को गिरफ्तार कर लिया। इनके कब्जे से 3 किलो 100 ग्राम पेंगोलिन शल्क और एक मोटर साईकिल बरामद की गई।

पूछताछ में इन्होंने बताया कि यह पेंगोलिन शल्क करीब एक वर्ष पुराने है। इस पेंगालिन को खटीमा के जंगल में मारा गया था। वन्य जीव तस्करों की गिरफ्तारी में आरक्षी महेन्द्र गिरी व आरक्षी किशोर कुमार की विशेष भूमिका रही। एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि कुमाऊँ के जंगलों में वन्य जीव जन्तुओं के शिकार करने की काफी समय से सूचना मिल रही थी।

जिस पर टीम लगातार काम कर रही थी। टीम द्वारा शातिर वन्य जीव तस्कर तोले सिंह व अरून कुमार को गिरफ्तार किया गया है। इससे पूछताछ में कई महत्वपूर्ण जानकारियां एसटीएफ के हाथ लगी है। जिन पर आगे कार्यवाही की जायेगी।

तस्करों को पकड़ने वाली टीम में निरीक्षक एम0पी0सिंह, कांस्टेबल महेन्द्र गिरी,किशोर कुमार,सुरेन्द्र कनवाल के अलावा वन क्षेत्राधिकारी खटीमा रेंज राजेन्द्र सिंह मनराल, वन दरोगा सन्तोष सिंह भण्डारी,वन दरोगा धन सिंह अधिकारी, वन आरक्षी सतपाल सिंह एवं वन आरक्षी शनि कुमार आदि शामिल हैं।