उत्तराखंड : खाई में कार गिरने से तीन लोगों की मौत, कई घायल

मीडिया ग्रुप, 31 मार्च, 2022

अल्मोड़ा। गाजियाबाद से पीपल पानी में शामिल होने आ रहे परिवार की कार गहरी खाई में गिर गयी। हादसे में एक महिला सहित तीन लोगों की मौत हो गयी जबकि चार लोग घयाल हो गये। घटना से पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया।

मौके पर पहुंची पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य प्रारंभ करते हुए घायलों को किसी तरह अस्पताल पहुंचाया तथा शवों को निकालने का कार्य प्रारंभ किया।

जानकारी के मुताबिक गुरुवार की सुबह गाजियाबाद से देघाट आ रही कार संख्या यूपी -14 डीयू -6348 भिकियासैंण से 15 किमी दूर बसेडी के मुसोली के पास अचानक खाई में गिर गई। इसमें सवार तीन यात्रियों एक महिला व दो पुरुष की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतकों में हेमन्त कोहली 39, चन्नू 37, रश्मि पत्नी चंद्रप्रकाश 32 वर्ष हैं। जबकि चार लोग विद्या 32 पत्नी हेमन्त कोहली, आरव 8 पुत्र रिया चंद्रप्रकाश, आदि गंभीर रूप से घायल हो गए।

सभी लोग देघाट के सनड़भीडा में एक पीपलपानी समारोह में जा रहे थे। सभी घायलों को आपातकालीन 108 वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र भिकियासैंण लाया गया। सल्ट के विधायक महेश जीना ने तुरन्त ही घटना की जानकारी जिलाधिकारी अल्मोडा को दूरभाष में देकर पोस्टमार्टम सीएचससी भिकियासैंण में ही करने के निर्देश दिये।

वहीं, चारों घायलों को हायर सेंटर भेज दिया गया है। दुर्घटना के तुरंत बाद पुलिस व प्रशासन ने राहत अभियान चलाया। मौकै पर नायब तहसीलदार दिवान गिरी गोस्वामी व राजस्व टीम, एएसआई पुलिस चैकी भिकियासैंण विजय रावत आदि मौजूद थे। क्षेत्र में इस घटना से शोक की लहर है। सभी राजनैतिक संगठनों ने गहरा दुख व्यक्त किया है। एसडीएम शिप्रा जोशी ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।