कुमाऊं मंडल की 29 विधानसभा सीटों पर 241 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला ईवीएम में बंद।

मीडिया ग्रुप, 15 फरवरी, 2022

उत्तराखंड में कुमाऊं मंडल के छह जिलों की 29 विधानसभा सीटों पर 241 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला जनता ने बटन दबाकर ईवीएम में कैद कर दिया है। कड़ी सुरक्षा के बीच सुबह आठ बजे से मतदान शुरू हुआ तो बूथों पर मतदाताओं की लम्बी लाइन लग गई। शाम छह बजे तक मतदान जारी रहा। उसके बाद कतार में लगे लोगों को ही वोट डालने का मौका मिला।

ऊधमसिंहनगर जिले की नौ सीटों पर 72 प्रत्याशी मैदान में हैं। नैनीताल जिले की छह विधानसभा सीटों से ताल ठोक रहे 63 प्रत्याशी मैदान में हैं। इसमें पांच महिलाएं व 20 निर्दल प्रत्याशी हैं। वहीं अल्मोड़ा जिले की छह सीटों पर 50 प्रत्याशी हैं। बागेश्वर जिले की दो सीटों पर 14 प्रत्याशी, पिथौरागढ़ जिले की चार सीटों पर 28 प्रत्याशी और चम्पावत में जिले में 14 प्रत्याशी मैदान में हैं।

कई स्थानों पर ईवीएम में खराबी की बात भी सामने आई। हालांकि आनन-फानन में अधिकारियों ने नई मशीनें उपलब्ध कराकर मतदान शुरू कर दिया। लोकतंत्र के महापर्व को लेकर मतदाताओं में सोमवार को जबर्दश्त उत्साह नजर आया। बूथों पर छह बजे तक पहुंचने वाले लोगों ने बढ़चढ़कर मतदान किया। उसके बाद लाइन में लगे लोगों को ही वोटिंग का मौका मिला।

ऊधमसिंहनगर, नैनीताल, अल्मोड़ा, चंपावत, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में बूथों पर महिलाओं, युवाओं की अच्छी खासी तादाद नजर आई। कुछ बूथों पर सन्नाटा भी पसरा रहा। बूथों पर कोविड को लेकर सतर्कता बरती गई। कुछ बूथों पर मतदान कर्मियों ने पीपीई किट पहन कर मतदान कराया। वोटरों का हाथ सेनेटाइज करने के साथ थर्मल स्कैनिंग भी की गई। वोटिंग के लिए के ग्लव्स दिए गए। शारीरिक दूरी का भी खयाल रखा गया।