उधमसिंह नगर : रुद्रपुर में यातायात व्यवस्था सुधारने में महिला पुलिसकर्मियों की नियुक्ति।

मीडिया ग्रुप, 09 फरवरी, 2022

रुद्रपुर। यातायात पुलिस कर्मियों के साथ ही अब महिला यातायात पुलिस कर्मी भी ट्रैफिक संभालेंगे। इसके लिए 15 दिन के प्रशिक्षण के बाद सात महिला यातायात पुलिस कर्मी रुद्रपुर यातायात कार्यालय को उपलब्ध करा दिए गए हैं।

इन महिला यातायात कर्मचारियों को शहर के चौराहों और हाईवे पर ड्यूटी करते देखा जा सकता है। कर्मचारियों की संख्या बढ़ जाने पर अब जाम की समस्या से भी निजात मिलने की आस है।

सड़क हादसों के मामले में यूएस नगर कुमाऊं मंडल में पहले स्थान पर है। हर साल यहां पर 250 से अधिक हादसों में सैकड़ों लोग असमय ही मारे जात हैं या फिर घायल हो जाते हैं। साथ ही अनियंत्रित यातायात व्यवस्था के चलते जिले के कई शहरों में जाम से लोगों को दो-चार होना पड़ता है।

इस पर नियंत्रण के लिए जिले भर में वर्तमान में 30 यातायात पुलिस कर्मी तैनात है। साथ ही रुद्रपुर और काशीपुर में सिटी पेट्रोलिग यूनिट भी तैनात है। बावजूद इसके यातायात व्यवस्था सुधरने का नाम नहीं ले रहा। इसे देखते हुए पूर्व में यातायात पुलिस कर्मियों की कमी को देखते हुए पीएचक्यू पत्राचार भी किया गया था। जिसके बाद यातायात में महिला पुलिस कर्मियों की तैनातगी की योजना बनी।

इसके लिए 31वीं वाहिनी पीएसी में तैनात इच्छुक महिला पीएसी कर्मियों को 15 दिन का हरिद्वार में यातायात का प्रशिक्षण दिया गया था। प्रशिक्षण समाप्त होने के बाद सात महिला यातायात पुलिस कर्मी रुद्रपुर यातायात कार्यालय को उपलब्ध हो गए हैं। यातायात निरीक्षक विजय विक्रम ने बताया कि रुद्रपुर को सात महिला यातायात पुलिस कर्मी मिले हैं। जो शहर के चौराहों और हाइवे पर ड्यूटी कर रहे हैं।