दिल्ली में बारिश ने 122 साल का रिकार्ड तोड़ा, कड़ाके की सर्दी और कोहरा रहने की सम्भावना।

मीडिया ग्रुप, 23 जनवरी, 2022

राजधानी दिल्ली मे बारिश के बाद ठंड काफी बढ़ गई है। गलन की वजह से लोग ठिठुरने पर मजबूर हैं। रविवार को भी दिन में धूप नहीं निकली। लोग घर में ही दुबके रहे। दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम, फरीदाबाद और सोनीपत में दिनभर बारिश नहीं हुई लेकिन बादल छाए रहने से कड़ाके की ठंड बरकरार रही। इससे पहले शनिवार को दिनभर रुक-रुककर बारिश होती रही। रातभर और रविवार तड़के भी हल्की बारिश हुई।

मौसम विभाग की वेबसाइट पर उपलब्ध आंकडों के अनुसार, साल 1901 के बाद दिल्ली में जनवरी महीने में रिकॉर्ड 110 मिमी बारिश हुई। यानी बारिश ने 122 साल का रिकार्ड तोड़ दिया। राजधानी में जनवरी 1989 में 79.7 मिमी और 1953 में 73.7 मिमी बारिश दर्ज की गई थी। शनिवार को दिल्ली में इस सीजन का सबसे ठंडा दिन भी रहा। दिन में तापमान 14.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार, इस महीने अब तक छह दिन में 88.2 मिमी बारिश दर्ज की है। जबकि पिछले 24 घंटे में 19.7 मिमी बारिश हुई। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में दिल्ली के न्यूनतम तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट की भविष्यवाणी की है। यानी अभी और ठंड पड़ने वाली है।

मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार (24 जनवरी) को कोल्ड डे (Cold Day) रहेगा। यानी कड़ाके की सर्दी रहेगी। गलन की वजह से लोग ठिठुरते नजर आएंगे। वहीं, 25 जनवरी से 27 जनवरी तक कहीं मध्यम स्तर का तो किसी इलाके में घना कोहरा पड़ेगा। 28 से 29 जनवरी तक कोहरा लोगों को परेशान करेगा।

सोमवार से लेकर बुधवार का दिल्ली का न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस रहेगा। वहीं, गुरुवार और शुक्रवार को न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है। वहीं सप्ताह भर अधिकतम तापमान 15 से 18 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

बता दें कि दिल्ली-एनसीआर में शनिवार को हुई बारिश के बाद कई जगहों पर जलजमाव हो गया है। कई इलाकों में सड़कों पर पानी अभी भी जमा है।