सितारगंज। राजकीय प्राथमिक विद्यालय सितारगंज द्वितीय में वित्तीय अनियमितताओं, फर्जी छात्र नामांकन और पीएम पोषण योजना में गड़बड़ी के आरोप में प्रधानाध्यापक को निलंबित कर दिया गया है। प्रधानाध्यापक पर आरटीई मानकों के विपरीत प्रवेश देने, सरकारी धनराशि के वितरण में अनियमितता और विद्यालय की व्यवस्थाओं में लापरवाही बरतने के आरोप भी लगे हैं।
जिला शिक्षा अधिकारी ने पांच नवंबर को विद्यालय का औचक निरीक्षण किया था। इस दौरान विद्यालय के अभिलेख अपूर्ण और अव्यवस्थित पाए गए। जांच में विद्यालय पंजिका में फर्जी बिल-वाउचर लगाए जाने और वित्तीय अनियमितताओं के मामले सामने आए। वहीं, फर्नीचर और अन्य सामग्री का रखरखाव भी संतोषजनक नहीं मिला। सामग्री का विवरण स्टॉक पंजिका में दर्ज नहीं पाया गया।
निरीक्षण के दौरान आरटीई मानकों के विपरीत प्रवेश देने, फर्जी छात्र नामांकन और आयु के अनुरूप कक्षा में प्रवेश (एज ग्रेड डिले) में भी अनियमितताएं सामने आईं। विद्यालय प्रबंधन समिति के कामकाज में गड़बड़ी के साथ उपलब्ध संसाधनों के उचित उपयोग में लापरवाही पाई गई। इसके अलावा मध्यान्ह भोजन कक्ष और शौचालयों की स्थिति भी दयनीय मिली।
प्रधानाध्यापक पर फर्जी छात्र नामांकन के आधार पर पीएम पोषण योजना में अनियमितता करने का आरोप है। इसके अलावा छात्र-छात्राओं को गणवेश के लिए मिलने वाली धनराशि डीबीटी के माध्यम से उनके खातों में हस्तांतरित नहीं की गई थी। निरीक्षण के बाद विभाग ने छह नवंबर को प्रधानाध्यापक से स्पष्टीकरण मांगा था। उन्होंने 12 नवंबर को अपना जवाब प्रस्तुत किया, लेकिन विभाग जवाब से संतुष्ट नहीं हुआ। इसके बाद बेसिक शिक्षा अधिकारी ने निलंबन का आदेश जारी कर दिया। आदेश में आरोप सिद्ध होने पर कठोर दंडात्मक कार्रवाई किए जाने की बात भी कही गई है।
जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक शिक्षा) हरेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि विद्यालय में लापरवाही मिलने पर प्रधानाध्यापक से स्पष्टीकरण मांगा गया था। उनका जवाब संतोषजनक नहीं पाए जाने पर निलंबन की कार्रवाई की गई है।



