उत्तराखंड में एक बड़े कारोबारी को हनीट्रैप में फंसाकर ब्लैकमेल करने और धमकाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि महिला और उसके साथियों ने करीब 11 वर्षों तक ब्लैकमेलिंग कर कारोबारी से पांच करोड़ रुपये नकद, चार प्लॉट, एक कार और बाइक हड़प ली। इस दौरान पीड़ित को अपने सभी कारोबार तक से हाथ धोना पड़ा। ब्लैकमेलिंग का यह सिलसिला वर्ष 2015-16 में शुरू हुआ, जो 11 नवंबर 2026 तक जारी रहा।
हल्द्वानी निवासी कारोबारी की तहरीर पर 18 नवंबर को कोतवाली हल्द्वानी पुलिस ने ज्योति नामक महिला, मोहम्मद मुश्ताक समेत पांच नामजद और दो अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चंद्र ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पीड़ित की ओर से उपलब्ध कराए गए साक्ष्यों की जांच अधिकारी गंभीरता से पड़ताल कर रहे हैं। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर जल्द आगे की कार्रवाई की जाएगी।



