अजीत डोभाल पर राहुल गांधी की टिप्पणी को लेकर भाजपा का कांग्रेस पर हमला, राजेश शुक्ला ने मांगा स्पष्टीकरण

रुद्रपुर। राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल पर राहुल गांधी की टिप्पणी को लेकर भाजपा ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। मंगलवार को भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में भाजपा प्रदेश प्रवक्ता एवं किच्छा के पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने टिप्पणी को उत्तराखंड के गौरव, स्वाभिमान और जनभावनाओं को आहत करने वाला बताया। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व से इस मामले में अपना रुख स्पष्ट करने की मांग की।

राजेश शुक्ला ने कहा कि अजीत डोभाल ने अपना जीवन देश की सुरक्षा और राष्ट्रसेवा के लिए समर्पित किया है। उनकी पहचान किसी राजनीतिक पद से नहीं, बल्कि दशकों की राष्ट्रसेवा और राष्ट्रीय सुरक्षा में उनके योगदान से बनी है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक विरोध अपनी जगह है, लेकिन देश की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले व्यक्तित्वों के प्रति अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल उचित नहीं है।

शुक्ला ने राहुल गांधी से सवाल किया कि अजीत डोभाल को लेकर कांग्रेस को इतनी राजनीतिक बेचैनी क्यों है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े विषयों पर सवाल उठाना लोकतंत्र का हिस्सा है, लेकिन ऐसे मामलों में भाषा और आचरण की मर्यादा बनाए रखना भी जरूरी है। उन्होंने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष से पूछा कि राहुल गांधी की टिप्पणी क्या पार्टी का आधिकारिक पक्ष है। यदि ऐसा है, तो कांग्रेस को इस संबंध में अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ने उत्तराखंड के पूर्व सेना प्रमुख स्वर्गीय जनरल बिपिन रावत का उल्लेख करते हुए कहा कि जनरल रावत और अजीत डोभाल प्रदेश के गौरव हैं। एक ने भारतीय सेना का नेतृत्व किया, जबकि दूसरे ने देश की राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। शुक्ला ने आरोप लगाया कि वर्ष 2017 में कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने जनरल बिपिन रावत के लिए कथित तौर पर आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया था। उन्होंने कहा कि देश की रक्षा और सुरक्षा में योगदान देने वाले व्यक्तित्वों को राजनीतिक नजरिए से नहीं देखा जाना चाहिए।

शुक्ला ने सर्जिकल स्ट्राइक, बालाकोट एयरस्ट्राइक, गलवान घाटी की घटना और ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख करते हुए कांग्रेस नेताओं के राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े बयानों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सैन्य अभियानों और आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई जैसे संवेदनशील विषयों पर राजनीतिक दलों को जिम्मेदारी के साथ अपनी बात रखनी चाहिए। उनके अनुसार, राजनीतिक मतभेदों के बावजूद देश की सुरक्षा और सैन्य बलों के सम्मान को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार राष्ट्रीय सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। अजीत डोभाल जैसे अनुभवी सुरक्षा विशेषज्ञ का योगदान देश के लिए महत्वपूर्ण है और उत्तराखंड के लिए गौरव का विषय भी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की सैन्य परंपरा और राष्ट्रभक्ति की पहचान जनरल बिपिन रावत और अजीत डोभाल जैसे व्यक्तित्वों से मजबूत होती है।

प्रेस वार्ता के माध्यम से शुक्ला ने कांग्रेस नेतृत्व से राहुल गांधी की टिप्पणी पर स्पष्टीकरण देने की मांग की। इस दौरान जिला महामंत्री तरुण दत्ता, जिला मीडिया संयोजक विजय तोमर, जिला प्रकोष्ठ संयोजक अजय तिवारी, मंडल अध्यक्ष मुकेश पाल एवं मयंक तिवारी, कार्यालय मंत्री मोर सिंह, सुरेंद्र चौधरी और सजीव खन्ना सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।