रिपोर्ट: मनीष ग्रोवर
रुद्रपुर शहर में शुक्रवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सादे कपड़ों में पहुंचे पश्चिम बंगाल पुलिस के जवान एक युवक को अपने साथ ले जाने लगे। हरियाणा नंबर की गाड़ी से पहुंचे पुलिसकर्मियों को स्थानीय लोग पहचान नहीं पाए। युवक को जबरन ले जाते देख लोगों को अपहरण का शक हुआ, जिसके बाद मौके पर भीड़ जुट गई।
मामला गाबा चौक फ्लाईओवर के नीचे काजल मार्बल के पास का है। जानकारी के मुताबिक, पश्चिम बंगाल में दर्ज साइबर धोखाधड़ी के मामले में पुलिस रुद्रपुर निवासी रजनीश की तलाश कर रही थी। पुलिस टीम ने उसे भूरारानी क्षेत्र से गिरफ्तार किया था। इसके बाद टीम युवक को लेकर गाबा चौक पहुंची, जहां सादे कपड़ों और बाहरी नंबर की गाड़ी के चलते स्थानीय लोगों ने पुलिसकर्मियों से पूछताछ शुरू कर दी।
पुलिस टीम की पहचान स्पष्ट होने और मामले की जानकारी मिलने के बाद लोगों का संदेह दूर हुआ। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें पुलिस टीम युवक को अपने साथ ले जाती दिखाई दे रही है। बाद में पश्चिम बंगाल पुलिस युवक को लेकर रुद्रपुर कोतवाली पहुंची।



