रिपोर्ट: राजीव कालड़ा
रुद्रपुर : नैनीताल में स्टोन कारोबारी को हनीट्रैप के जाल में फंसाकर पांच करोड़ रुपये हड़पने का मामला सामने आने के बाद कुमाऊं मंडल में सक्रिय ऐसे गिरोहों की चर्चा फिर तेज हो गई है। ऊधमसिंह नगर जिले में हनीट्रैप और ब्लैकमेलिंग के मामले लगातार सामने आते रहे हैं। पिछले आठ वर्षों में इस तरह के 15 से अधिक मामले सामने आ चुके हैं। इनमें सेना के जवान, अर्द्धसैनिक बल के कर्मचारी, व्यापारी और रिटायर्ड शिक्षक तक शिकार बन चुके हैं।
रुद्रपुर, काशीपुर, गदरपुर, खटीमा और नानकमत्ता क्षेत्रों में सामने आए कई मामलों में संगठित गिरोहों की भूमिका उजागर हुई है। इन गिरोहों में महिलाएं और पुरुष मिलकर योजनाबद्ध तरीके से लोगों को निशाना बनाते हैं। पहले सोशल मीडिया के माध्यम से दोस्ती और बातचीत का सिलसिला शुरू किया जाता है। इसके बाद मिलने के बहाने बुलाकर आपत्तिजनक वीडियो या फोटो बनाए जाते हैं और फिर उन्हें सार्वजनिक करने की धमकी देकर मोटी रकम मांगी जाती है।
बदनामी के डर से शिकायत करने से बचते हैं पीड़ित
हनीट्रैप के मामलों में सामाजिक प्रतिष्ठा और बदनामी का डर आरोपियों के लिए सबसे बड़ा हथियार बन रहा है। कई पीड़ित लोकलाज के चलते पुलिस तक पहुंचने से बचते हैं। यही वजह है कि ऐसे मामलों में वास्तविक संख्या सामने आने की संभावना भी कम रहती है। शिकायत दर्ज नहीं होने से आरोपियों के हौसले बढ़ते हैं और उनके नेटवर्क तक पहुंचना पुलिस के लिए चुनौती बन जाता है।
सोशल मीडिया बन रहा गिरोहों का हथियार
फेसबुक और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए पहले लोगों से संपर्क किया जाता है। दोस्ती और बातचीत के बाद मिलने के बहाने बुलाकर ब्लैकमेलिंग की जाती है। डिजिटल पहचान और सोशल मीडिया अकाउंट का दुरुपयोग कर लोगों को जाल में फंसाने का यह तरीका तेजी से चिंता का विषय बन रहा है।
रामपुर तक जुड़े मिले गिरोहों के तार
जिले में सामने आए मामलों में स्थानीय आरोपियों के साथ उत्तर प्रदेश से जुड़े लोगों की सक्रियता भी सामने आई है। जनवरी में गदरपुर क्षेत्र में पकड़े गए एक गिरोह के तार रामपुर से जुड़े मिले थे। गिरोह के तीन आरोपी रामपुर के निवासी बताए गए थे। अन्य मामलों में भी बाहरी राज्यों से जुड़े महिला और पुरुष आरोपियों की भूमिका सामने आई है। सीमावर्ती क्षेत्रों में सक्रिय इन गिरोहों के नेटवर्क की पड़ताल पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है।
गैंगस्टर एक्ट के तहत होगी कार्रवाई
हनीट्रैप के जरिए लोगों को फंसाकर वसूली करने वाले गिरोहों पर पुलिस अब शिकंजा कसने की तैयारी में है। एसएसपी अजय गणपति के अनुसार, ऐसे अपराधों में महिलाओं को आगे कर पर्दे के पीछे से गिरोह संचालित करने वाले लोगों को भी चिह्नित किया जाएगा। संगठित तरीके से अपराध करने वालों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी।
बीते वर्षों में सामने आए प्रमुख मामले
– नवंबर 2024, रुद्रपुर : एक रिटायर्ड शिक्षक को हनीट्रैप में फंसाकर 3.50 लाख रुपये की ठगी की गई। मामले में एक महिला और उसके साथी को गिरफ्तार किया गया।
– मार्च 2025, खटीमा : नेपाल सीमा पर तैनात अर्द्धसैनिक बल के जवान को जाल में फंसाने के बाद तेलंगाना की एक महिला ने पैसे नहीं देने पर दुष्कर्म का आरोप लगाया।
– 2 जून 2025, खटीमा : हनीट्रैप के जरिए ब्लैकमेलिंग करने वाले गिरोह का खुलासा हुआ। एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
– 16 मार्च 2026, नानकमत्ता : एक व्यक्ति का आपत्तिजनक वीडियो बनाकर 50 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई। मामले में दो महिलाओं समेत छह आरोपी गिरफ्तार हुए।
– 30 मार्च 2026, ट्रांजिट कैंप : एक व्यापारी को बंधक बनाकर उसका अश्लील वीडियो बनाया गया और पांच लाख रुपये मांगे गए। मामले में एक युवती समेत दो आरोपी गिरफ्तार किए गए।
पीड़ित सामने आएं, जानकारी रखी जाएगी गोपनीय
एसएसपी अजय गणपति ने लोगों से ऐसे मामलों में बिना डर पुलिस के पास पहुंचकर प्राथमिकी दर्ज कराने की अपील की है। उन्होंने कहा कि पीड़ित की जानकारी गोपनीय रखी जाती है। पूर्व और वर्तमान में सामने आए मामलों में शामिल आरोपियों के पीछे कौन लोग हैं, इसकी भी जांच की जा रही है। पुलिस का प्रयास है कि ऐसे गिरोहों के मुख्य सरगनाओं तक पहुंचकर उन्हें कानून के शिकंजे में लाया जाए।



