मीडिया ग्रुप, 27 नवंबर, 2026
लेखक- गौतम नरूला
सबसे तेज़ी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में से एक, भारत, आज लगभग हर शहर में ट्रैफ़िक की समस्या से जूझ रहा है। जो शहर कभी शांत और सुकून भरे हुआ करते थे, वे अब ट्रैफ़िक जाम की गिरफ्त में हैं, और यह समस्या अब शहरों से निकलकर छोटे कस्बों तक भी फैल गई है। हम में से हर किसी ने अपने शहरों में या बड़े शहरों की यात्रा के दौरान इसका सामना किया है। जाम में फंसा व्यक्ति अक्सर सोचता है, “अगर सड़कें चौड़ी होतीं तो जाम नहीं लगता,” या “यहाँ फ्लाईओवर बन जाता तो जाम की समस्या हल हो जाती।”किसी व्यक्ति का यह विश्वास कि उसका विचार ट्रैफ़िक जाम को हल कर देगा, ‘एबीसीडीएम’ (ABCDM – एनी बॉडी कैन डू मोबिलिटी यानी हर कोई यातायात का समाधान कर सकता है) दृष्टिकोण पर आधारित है, जो काफी खतरनाक है। यह समस्याजनक इसलिए है क्योंकि सड़क का उपयोग करने वाला हर व्यक्ति व्यापक रूप से सोचने के बजाय केवल अपने दृष्टिकोण से उस समस्या को हल करने पर ध्यान केंद्रित करता है जिसमें वह फंसा हुआ है। जबकि चौड़ी सड़कों और फ्लाईओवर जैसे समाधानों की बहुत भारी कीमत चुकानी पड़ती है। यह न तो सड़क पर निजी वाहन चलाने वाले व्यक्ति के लिए अच्छा है और न ही साझा या सार्वजनिक परिवहन पर निर्भर रहने वाले व्यक्ति के लिए।
मान लीजिए कि एक चार-लेन की सड़क है जिसका एक हिस्सा भारी जाम से ग्रस्त है। अब उस हिस्से को चौडीकरण किया गया है, और 2 किलोमीटर लंबे हिस्से को चौडीकरण करके छह-लेन का बना दिया गया है। इससे उस हिस्से में जाम की समस्या बहुत अच्छे से हल हो गई है; अब लोग तेज़ी से चल सकते हैं। अब आइए इस चौड़ीकरण के दुष्परिणामों को समझते हैं, यह ध्यान रखते हुए कि विस्तारित हिस्से के आगे की सड़क अभी भी चार-लेन की ही है। उतने ही ट्रैफ़िक के साथ, वाहनों का वही समूह जब बिना चौडीकरण वाले हिस्से पर पहुंचेगा तो फिर से फंस जाएगा, क्योंकि पहले भी उतना ही ट्रैफ़िक चार-लेन पर फंस रहा था। इसके परिणामस्वरूप जाम एक हिस्से से खिसक कर दूसरे हिस्से में चला गया है। इससे दोनों तरफ़ सड़क के विस्तार की आवश्यकता पैदा होती है, और यह चक्र चलता रहता है।
ऐसी ही स्थिति तब भी उत्पन्न होती है जब हम सड़क चौड़ी करने के बजाय फ्लाईओवर बनाने की योजना बनाते हैं। इसके परिणामस्वरूप फ्लाईओवर से सड़क पर उतरने वाले चौराहे (इंटरसेक्शन) पर जाम लग जाता है। ये सभी बातें तब की हैं जब सड़क चौड़ी करने या फ्लाईओवर बनाने के बाद भी वाहनों की संख्या स्थिर रहे। लेकिन सामान्य बुद्धि से कोई भी यह समझ सकता है कि जैसे-जैसे अधिक सड़कें उपलब्ध होंगी, जो लोग पहले जाम के कारण वाहन खरीदने से हिचकिचा रहे थे, वे भी वाहन खरीदेंगे। इससे सड़क पर वाहनों की संख्या फिर से बढ़ जाएगी, और कुछ वर्षों के बाद, चौड़ा किया गया हिस्सा या फ्लाईओवर फिर से जाम हो जाएगा। और फिर कोई कहेगा, “अगर सड़कें चौड़ी होतीं तो जाम नहीं लगता,” या “यहाँ फ्लाईओवर बन जाता तो जाम की समस्या हल हो जाती।”
अब आइए उस व्यक्ति के दूसरे दृष्टिकोण को देखें जो सड़क पर वाहन में नहीं है। एक पैदल यात्री जिसे सड़क पार करनी है, उसे अब अधिक दूरी तय करनी पड़ती है और उसके दुर्घटना का शिकार होने का जोखिम भी बहुत बढ़ जाता है। एबीसीडीएम (ABCDM) दृष्टिकोण वाला व्यक्ति इसके लिए पैदल यात्री ओवरहेड ब्रिज (फुट ओवर ब्रिज) का समाधान सुझाएगा। लेकिन व्यावहारिक बनें और सोचें कि केवल सड़क पार करने के लिए पहले सीढ़ियों से ऊपर चढ़ना और फिर नीचे उतरना कितना सुविधाजनक है? यह स्थिति तब होती है जब सड़कों को चौड़ा किया जाता है। आइए अब विचार करें कि जब फ्लाईओवर बनता है तो क्या होता है। फ्लाईओवर पहली नज़र में ही शहर के क्षितिज (स्काईलाइन) यानी सुंदरता को बिगाड़ देता है। इसके अलावा, फ्लाईओवर के प्रवेश और निकास द्वार पर 100-150 मीटर लंबे आधार स्तंभ (अबटमेंट्स) होते हैं। सड़क के दूसरी तरफ़ जाने के लिए व्यक्ति को इन पूरे आधार स्तंभों के चारों ओर घूमकर अतिरिक्त पैदल चलना पड़ता है। फ्लाईओवर के नीचे के हिस्से भी बेहद अंधेरे और सुनसान होते हैं तथा बीमारियों और अपराधों के पनपने का अड्डा बन जाते हैं।
हमें लगता है कि चौड़ी सड़कें और फ्लाईओवर होना किसी शहर के विकास का पैमाना है, लेकिन यह वास्तव में एक दुष्चक्र है। आप सड़कें चौड़ी करते हैं, जाम आगे खिसक जाता है, और अधिक वाहन आ जाते हैं, तथा वही हिस्सा फिर से जाम हो जाता है।
यहाँ प्रश्न यह है कि यदि सड़कें नहीं, तो दूसरा विकल्प क्या है? इसका उत्तर भारत सरकार के आवास और शहरी कार्य मंत्रालय की ‘राष्ट्रीय शहरी परिवहन नीति’ (National Urban Transport Policy) में दिए गए एक कथन में निहित है: “वाहनों को नहीं, बल्कि लोगों के लिए गमनागमन बनाना” (Moving people, not vehicles)। एक बस में सवार 40 लोगों और कार चलाने वाले उन्हीं 40 लोगों पर विचार करें, जैसा कि चित्र में दिखाया गया है।
समान संख्या में यात्रियों को ले जाने वाली कारों और एक बस द्वारा घेरी गई जगह की तुलना दिखाता चित्र

स्रोत: जुआन डी डियोस ऑर्टूज़ार]
कोई भी व्यक्ति जगह की आवश्यकता के अंतर को स्पष्ट रूप से देख सकता है। मेट्रो के साथ भी इसी तरह सोचें। अतः, समाधान निजी वाहनों को बढ़ावा देने के बजाय सार्वजनिक परिवहन तथा सक्रिय आवागमन को प्रोत्साहित करने में निहित है। इसके परिणामस्वरूप बुनियादी ढांचे के निर्माण की लागत कम होती है, उत्सर्जन और प्रदूषण में कमी आती है, सभी वर्गों के लोगों को परिवहन की समान सुविधा मिलती है और शहर के निवासियों के जीवन की गुणवत्ता बेहतर होती है। यह भी ध्यान रखना चाहिए कि सार्वजनिक परिवहन का अर्थ केवल मेट्रो ही नहीं है; इसमें बसें, आर्टिकुलेटेड (जुड़ी हुई लंबी) बसें और ट्राम भी शामिल हैं। इनमें से प्रत्येक की अपनी क्षमता होती है और इसके लिए सूक्ष्म योजना और डिज़ाइन की आवश्यकता होती है। इसलिए, जिस दुष्चक्र में हम फंसे हुए हैं उसे तोड़ने और एक बेहतर जीवनशैली की ओर बढ़ने का रास्ता सार्वजनिक परिवहन तथा सक्रिय आवागमन ही है।
भारत के सभी महानगर एक ही समस्या का सामना कर रहे हैं, क्योंकि वे सार्वजनिक परिवहन की तुलना में सड़कों के विकास पर अधिक ध्यान केंद्रित करते हैं। आशा है कि टियर-2 और टियर-3 शहर बड़े शहरों की गलतियों से सबक लेंगे।



