उत्तर प्रदेश में एक युवती अपने प्रेमी के घर बारात लेकर पहुंच गई। युवक की दूसरी जगह शादी तय होने की जानकारी मिलने पर युवती ने उसके घर पहुंचकर जमकर हंगामा किया। युवती का आरोप है कि युवक पिछले सात साल से शादी का झांसा देकर उसका शारीरिक शोषण कर रहा था। मामला दो दिन से चर्चा में है और अब युवती ने पुलिस से कार्रवाई की मांग करते हुए मुख्यमंत्री से न्याय की गुहार लगाई है।
यूपी के शामली में गुरुवार को देहरादून निवासी युवती अपनी बहन और परिजनों के साथ गांव एलम पहुंच गई। युवती का आरोप है कि युवक ने सात साल तक शादी का भरोसा देकर उसके साथ संबंध बनाए, लेकिन अब उसकी शादी दूसरी युवती से तय कर दी गई है। प्रेमी के घर पहुंचकर युवती ने शादी रुकवाने की मांग की। देर रात तक दोनों पक्षों के बीच समझौता नहीं हो सका। इसके बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को वापस भेज दिया। गुरुवार रात युवती की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई थी, लेकिन शुक्रवार को युवक के घर मंढ़े की रस्म होने की जानकारी मिलने पर युवती थाने पहुंच गई और शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की।
पुलिस को दिए शिकायती पत्र में युवती ने बताया कि वह देहरादून की रहने वाली है। करीब सात साल पहले दिल्ली में मर्चेंट नेवी में तैनात एलम निवासी युवक का उसके पड़ोस में आना-जाना था। वर्ष 2018 में दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और धीरे-धीरे प्रेम संबंध हो गए। युवती के मुताबिक, 2019 में युवक उसे अपने गांव एलम ले आया। उस समय उसकी उम्र 16 वर्ष थी। आरोप है कि युवक ने शादी का भरोसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। बालिग होने के बाद जब उसने शादी की बात कही तो युवक बहाने बनाकर टालता रहा और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा।
युवती का कहना है कि हाल ही में उसे युवक की दूसरी जगह शादी तय होने की जानकारी मिली, जिसके बाद वह परिजनों के साथ गांव पहुंची। आरोप है कि युवक के परिजनों ने उसके साथ अभद्रता की और घर से भगा दिया। इसके बाद वह थाना कांधला पहुंची और लिखित शिकायत देकर मुकदमा दर्ज करने की मांग की। युवक के घर शुक्रवार को मंढ़े की रस्म हुई, जबकि शनिवार को उसकी बारात जाने की तैयारी थी।
युवती शुक्रवार रात भी कांधला में डटी रही। उसका कहना है कि वह युवक से शादी करके ही मानेगी, अन्यथा जान दे देगी। युवती ने आरोप लगाया कि शिकायत दिए जाने के बावजूद उसे पुलिस कार्रवाई के संबंध में स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई। उसने कहा कि जब तक न्याय नहीं मिलता, वह अपनी मांग उठाती रहेगी। वहीं युवक के परिजनों ने युवती के आरोपों को निराधार बताया है।
युवती ने सोशल मीडिया पर अपना शिकायती प्रार्थना पत्र वायरल कर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से न्याय की गुहार लगाई है। उसने आरोप लगाया कि पुलिस को शिकायत दिए 24 घंटे से अधिक बीतने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। युवती ने पुलिस प्रशासन से मदद न मिलने पर जान देने की बात कही और अपनी मौत के लिए युवक व उसके परिजनों को जिम्मेदार ठहराया। वहीं थानाध्यक्ष बच्चू सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।



