रुद्रपुर। मानपुर ओझा स्थित अशोक नगर सूरजफार्म में आयोजित अखंड महानाम संकीर्तन में कीर्तन मंडलियों ने भजनों और संकीर्तन से श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। पूरे परिसर में भक्तिमय माहौल बना रहा। श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से संकीर्तन में भाग लेकर भगवान का स्मरण किया।
इस अवसर पर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल भी कार्यक्रम में पहुंचे और संकीर्तन में शामिल होकर आशीर्वाद प्राप्त किया। आयोजकों ने उन्हें अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान ठुकराल ने कहा कि अखंड महानाम संकीर्तन जैसे धार्मिक आयोजन भारतीय संस्कृति और परंपराओं को जीवंत बनाए रखने के साथ ही समाज में आध्यात्मिक चेतना का संचार करते हैं। ऐसे आयोजनों से लोगों को एकजुट होकर प्रभु का स्मरण करने और भक्ति के मार्ग पर चलने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने आयोजन के लिए आयोजकों को शुभकामनाएं दीं।


