ओलावृष्टि से बर्बाद फसल के मुआवजे की मांग को लेकर धरने पर बैठे राजकुमार ठुकराल, किसानों को 50 हजार रुपये देने की मांग
रुद्रपुर। ओलावृष्टि से बर्बाद हुई फसलों के मुआवजे की मांग को लेकर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने जिलाधिकारी कार्यालय परिसर में शहीद ऊधम सिंह की प्रतिमा के समक्ष धरना दिया। उन्होंने प्रभावित किसानों को प्रति किसान 50 हजार रुपये मुआवजा देने की मांग उठाते हुए चेतावनी दी कि यदि किसानों को उचित मुआवजा नहीं दिया गया तो आंदोलन तेज किया जाएगा।
इस दौरान ठुकराल ने कहा कि किसान दिन-रात मेहनत कर अपनी फसल तैयार करते हैं और उसी से उनके परिवारों की आजीविका चलती है। ऐसे में ओलावृष्टि से फसल बर्बाद होने पर किसानों के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो जाता है। खेती में लगाई गई लागत निकालना भी मुश्किल हो जाता है और परिवार के खर्चों के साथ अगली फसल की तैयारी की चिंता भी सताने लगती है।
उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए। ठुकराल ने मांग की कि प्रशासन प्रभावित क्षेत्रों में फसलों को हुए नुकसान का निष्पक्ष आकलन कराए और किसानों को पर्याप्त मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया में तेजी लाए।
ठुकराल ने कहा कि किसानों को राहत देने में देरी नहीं होनी चाहिए। सरकार और प्रशासन को उनकी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए ठोस कदम उठाने चाहिए, ताकि नुकसान झेल रहे किसानों को आर्थिक संबल मिल सके। उन्होंने चेतावनी दी कि किसानों के हितों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और उचित मुआवजा दिलाने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।



