सितारगंज। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सितारगंज पुलिस ने हेलमेट जागरूकता अभियान चलाया। शनिवार को एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में सिडकुल चौकी गेट पर आयोजित अभियान के दौरान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वाले चालकों को रोककर हेलमेट की अनिवार्यता और सड़क सुरक्षा के महत्व की जानकारी दी गई। इस दौरान पुलिस ने बिना हेलमेट वाहन चला रहे लोगों को हेलमेट वितरित कर भविष्य में वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित किया।
अभियान अपर पुलिस अधीक्षक अपराध अनुषा बड़ोला, क्षेत्राधिकारी सितारगंज दौलतराम वर्मा और यातायात निरीक्षक शिवराज सिंह बिष्ट के नेतृत्व में चलाया गया। इस दौरान वरिष्ठ उपनिरीक्षक जावेद मलिक, सिडकुल चौकी प्रभारी सहित पुलिस बल मौजूद रहा।
पुलिस अधिकारियों ने वाहन चालकों को बताया कि हेलमेट सड़क दुर्घटना के दौरान सिर में गंभीर चोट लगने और जान जाने के खतरे को काफी हद तक कम कर सकता है। उन्होंने सभी दोपहिया वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और प्रत्येक यात्रा के दौरान हेलमेट पहनने की अपील की। पुलिस ने कहा कि सड़क सुरक्षा के प्रति थोड़ी सी सावधानी अनमोल जीवन को बचा सकती है।



