खतरनाक स्टंट: युवती को टंकी पर बैठाकर दौड़ाई बुलट, वीडियो वायरल; तलाश में पुलिस

हल्द्वानी शहर में मंगलवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ। वीडियो में एक युवक प्रेमिका को बुलट की टंकी पर बैठाकर बुलट दौड़ाता दिखाई दे रहा है। वीडियो काठगोदाम कोतवाली क्षेत्र के हैड़ाखान मार्ग का बताया जा रहा है।

हालांकि मीडिया ग्रुप वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। ग्रामीणों ने आये दिन इस तरह की अराजकता होने की बात कहते हुए पुलिस से शिकायत की है। वायलर वीडियो को एक कार चालक ने अपने कैमरे से रिकॉर्ड किया जिसमें बुलट पर युवती चालक की तरफ मुंह करके टंकी पर बैठी है। मोड़ पर अचानक कार के आने से बाइक अनियंत्रित हुई। ऐसे में बाइक को बचाने के प्रयास में कार गहरी खाई में गिर सकती थी।

वायरल वीडियो से मामले संज्ञान में आने पर ग्रामीणों ने पुलिस से शिकायत की। एसपी सिटी हरबंस सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो और सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की मदद से बाइक को ट्रेस करने का प्रयास किया जा रहा है।