चंदोला मेडिकल कॉलेज में खेल उत्सव संपन्न, विजेताओं को किया सम्मानित

रुद्रपुर। चंदोला होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल में आयोजित वार्षिक खेल उत्सव का शनिवार को धूमधाम से समापन हुआ। कॉलेज परिसर में 24 नवंबर से शुरू हुए इस खेल महोत्सव का समापन समारोह उत्साह और उमंग के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कॉलेज के एमडी डॉ. के.सी. चंदौला तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में यूनिटी लॉ कॉलेज एवं यूनिटी नर्सिंग कॉलेज की एमडी श्रीमती अतुशा उपस्थित रहीं। दोनों अतिथियों ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

खेल उत्सव के विभिन्न आयोजनों में प्रतिभागी खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। वॉलीबाल प्रतियोगिता में प्रीति भारद्वाज, आयुषी श्रीवास्तव, जया सक्सेना, अंशिका सिंह, आयुषिका सैनी और स्वाति प्रजापति की टीम विजेता रही। बैडमिंटन में आयुब और शशि की जोड़ी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि अभिषेक और फिरोज उपविजेता बने। शतरंज बालक वर्ग में अभिषेक झा प्रथम और पवन जोशी उपविजेता रहे, वहीं बालिका वर्ग में रितिका सक्सेना ने विजेता का स्थान हासिल किया और विशिष्ठा उपविजेता रहीं।

समापन समारोह में संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि डॉ. के.सी. चंदौला ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में प्रतिस्पर्धात्मक भावना विकसित करने के साथ ही अनुशासन, एकता और टीमवर्क को मजबूत बनाते हैं। उन्होंने कहा कि खेल जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेलों में भी सक्रिय रहना चाहिए। विशिष्ट अतिथि श्रीमती अतुशा ने कहा कि खेल शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक मजबूती और आत्मविश्वास बढ़ाते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।

कार्यक्रम में डॉ. जाहर घोष, डॉ. टी.एस. द्विवेदी, डॉ. निरंजन यादव, आशीष पंत, श्वेता चौधरी, नवीन यादव, सीमा यादव, दुर्गेश, देवेंद्र सिंह, डॉ. नीरजा, अल्पना चौहान, अदिति चौहान, दीपक, शशि, मिर्जा, अभिराज, रमजा सहित कॉलेज के अनेक कर्मचारी और विद्यार्थी उपस्थित रहे।