एक पेड़ मां के नाम: पर्यावरण दिवस पर प्रेस क्लब ने रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज में किया वृहद पौधारोपण

रुद्रपुर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पंडित राम सुमेर राजकीय मेडिकल कॉलेज, रुद्रपुर में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत वृहद पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. केदार सिंह शाही और कुमाऊं युवा प्रेस क्लब के पदाधिकारियों व सदस्यों ने संयुक्त रूप से कॉलेज परिसर में पौधे रोपित किए।

इस दौरान छायादार और पर्यावरण के अनुकूल विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। सभी प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली और इस अभियान को लगातार आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।

प्राचार्य डॉ. केदार सिंह शाही ने कहा कि “एक पेड़ मां के नाम” केवल एक पौधारोपण अभियान नहीं, बल्कि एक भावनात्मक जुड़ाव भी है, जो हमें अपने माता-पिता और प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनाता है। उन्होंने कहा कि प्रकृति और मातृत्व दोनों के प्रति हमारी नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने यह भी बताया कि मेडिकल कॉलेज में हर वर्ष 5 जून को पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में पौधारोपण किया जाता है, और इस परंपरा को हर वर्ष और व्यापक रूप में निभाया जाएगा।

डॉ. शाही ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि उनके संरक्षण की जिम्मेदारी को भी निभाना है, ताकि भविष्य में यह हरियाली पर्यावरण को संबल दे सके।

कुमाऊं युवा प्रेस क्लब के केंद्रीय अध्यक्ष सौरभ गंगवार ने कहा कि पर्यावरण का संतुलन बनाए रखना आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने आम जनमानस से अपील की कि वे पौधारोपण को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं और इसे एक नैतिक कर्तव्य समझें।

क्लब के महानगर अध्यक्ष भानु चुग ने कहा कि जिस प्रकार हम अपने परिवार की देखभाल करते हैं, उसी तरह प्रकृति की भी देखभाल करनी चाहिए। नियमित रूप से पौधारोपण कर हम प्रकृति को बचाने में योगदान दे सकते हैं।

महानगर महामंत्री अभिषेक शर्मा ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आज चारों ओर कंक्रीट के जंगल बनते जा रहे हैं, लेकिन समाज में इसको लेकर गंभीरता का अभाव है। यदि समय रहते हर व्यक्ति ने पहल नहीं की तो भविष्य में परिस्थितियां बेहद भयावह हो सकती हैं।

इस अवसर पर मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. केदार सिंह शाही के साथ व्यवस्था प्रमुख मनोज पानू, कुमाऊं युवा प्रेस क्लब के केंद्रीय अध्यक्ष सौरभ गंगवार, महानगर अध्यक्ष भानु चुग, महामंत्री अभिषेक शर्मा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सत्यजीत सरकार, उपसचिव विजय गुप्ता, सोशल मीडिया प्रभारी आकाश गंगवार, अंकुर चुग, रवि कुमार, नेहा पांडे, कविंदर, देवकी आदि मौजूद रहे।