रुद्रपुर : जुआरियों ने पुलिस पर किया पथराव

रुद्रपुर। रम्पुरा में झगड़ा होने की सूचना मिलने पर मौके पर जा रहे दो पुलिस कर्मियों पर मार्ग में जुआ खेल रहे कई जुआरियों ने जुआ खेलने से मना करने पर दोनों पुलिसकर्मियों पर पथराव कर दिया। जिससे एक पुलिसकर्मी घायल हो गया। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारियों के साथ कई पुलिस कर्मी मौके पर आ पहुंचे। तब तक सभी जुआरी वहां से भाग निकले। पुलिस ने फरार जुआरियों की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार शनिवार रात्रि करीब 11 बजे रम्पुरा चौकी पुलिस को यह सूचना मिली कि रम्पुरा में दो पक्षों में झगडा हो गया है। सूचना मिलने पर चौकी से दो कांस्टेबल गणेश व पूरन मौके के लिए रवाना हुए। मार्ग में उन्होंने एक स्थान पर कुछ लोगों को जुआ खेलते देखा। जिस पर उन्होंने सभी को वहां से चले जाने के लिए कहा। जिसको लेकर उनकी पुलिस कर्मियों से बहस हो गई।

इसके बाद जुआरियों ने दोनों पुलिस कर्मियों पर पथराव शुरू कर दिया। जिससे का. गणेश के पैर में चोटें आ गई। उन्होंनें मामले से चौकी पुलिस को अवगत कराया। सूचना मिलते ही चौकी से कई पुलिस कर्मी मौके पर आ पहुंचे। तब तक सभी जुआरी वहां से भाग निकले। पुलिस ने फरार जुआरियों की पहचान करनी शुरू कर दी है। वहीं घायल पुलिसकर्मी गणेश का चिकित्सालय में उपचार कराया गया।