उत्तराखंड : शादी में हर्ष फायरिंग, दूल्हे के पिता और रिश्तेदार पर केस, छर्रे लगने से घायल हो गई थी महिला

उत्तराखंड के रुड़की में शादी समारोह में दूल्हे के रिश्तेदार ने लाइसेंसी शस्त्र से फायरिंग कर दी। गोली के छर्रे एक महिला को जा लगे और वह घायल हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दूल्हे के पिता और फायरिंग करने वाले रिश्तेदार पर केस दर्ज कर लिया है।

सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र स्थित ब्रह्मपुर गांव में 16 फरवरी की रात पुलिस को सूचना मिली थी कि शादी समारोह में किसी ने हर्ष फायरिंग की है। जिसमें एक महिला छर्रे लगने से घायल हो गई है। सूचना पर दरोगा आशीष भट्ट पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। चला कि गांव में रामेश्वर के बेटे की शादी का रिसेप्शन था। जिसमें एक महिला घायल हो गई थी। पुलिस ने महिला को मेडिकल कराने और तहरीर देने की बात कही। लेकिन महिला ने इन्कार कर दिया।

पुलिस ने फायरिंग करने वाले दूल्हे के रिश्तेदार की बाबत जानकारी ली। लेकिन किसी ने भी फायरिंग करने वाले का नाम नहीं बताया। कोतवाली प्रभारी आरके सकलानी ने बताया कि मामले में दरोगा आशीष भट्ट की ओर से तहरीर दी गई है। तहरीर के आधार पर दूल्हे के पिता और फायरिंग करने वाले अज्ञात रिश्तेदार के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। साथ ही रिश्तेदार का नाम व पते की जानकारी जुटाई जा रही है। इसके बाद लाइसेंस निरस्तीकरण की रिपोर्ट बनाकर जिलाधिकारी को भेजी जाएगी।