उत्तराखंड में पूर्व कैबिनेट मंत्री सैकड़ों समर्थको सहित भाजपा में शामिल।

उत्तराखंड। लोकसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा ने सोमवार को कांग्रेस, यूकेडी और उत्तराखंड जन एकता पार्टी में सेंध लगाई। उत्तराखंड एकता पार्टी के अध्यक्ष व पूर्व कैबिनेट मंत्री दिनेश धनै सोमवार को अपने समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल हो गए। उन्होंने अपनी पार्टी का विलय भी भाजपा में कर लिया।

वर्ष 2019 में प्रदेश के पूर्व पर्यटन मंत्री दिनेश धनै ने कांग्रेस का साथ छोड़कर नया राजनैतिक दल उत्तराखंड जन एकता पार्टी बनाने का ऐलान किया था। उन्होंने जनवरी 2020 में ही पार्टी का पहला सम्मेलन आयोजित किया गया। इस दौरान पत्रकारों से रूबरू होते हुए धनै ने कहा था कि भाजपा और कांग्रेस से लोगों का मोहभंग हो गया है। उनके मुद्दे स्थानीय न होकर राष्ट्रीय स्तर के हैं।

श्रीनगर गढ़वाल सीट से चुनाव लड़े यूकेडी के केंद्रीय अध्यक्ष मोहन काला ने भी अपने समर्थकों के साथ भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। कांग्रेस के प्रदेश महासचिव पीके अग्रवाल अपनी पत्नी लक्ष्मी अग्रवाल व समर्थकों के साथ भाजपा की सदस्यता ग्रहण किया। उनकी पत्नी पछवा दून की जिला कांग्रेस अध्यक्ष पद पर थीं। भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित यह ज्वाइनिंग कार्यक्रम तीन पालियों में हुआ। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने उन्हें पार्टी का पटका पहनाकर स्वागत किया।

भट्ट ने कहा, लगातार पार्टी में शामिल होने वालों का सैलाब बताता है कि पीएम मोदी और सीएम धामी के नेतृत्व में समूचा उत्तराखंड भी भाजपामय हो गया है, इसलिए मोदीजी के चुनावी रथ का राज्य की सभी सीटों पर प्रचंड जीत की हैट्रिक के साथ आगे बढ़ना निश्चित है। उन्होंने कहा, पीएम मोदी के मार्गदर्शन एवं पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में देश की भांति प्रदेश का भी चौमुखी विकास हो रहा है। उन्होंने दावा किया कि मोदीजी के चुनावी रथ का राज्य की सभी सीटों पर प्रचंड जीत की हैट्रिक के साथ आगे बढ़ना निश्चित है।