उत्तराखंड : पहाड़ों पर बारिश-बर्फबारी का मैदानी इलाकों पर कुछ दिन दिखेगा असर, जानें मौसम का पूरा हाल

प्रदेश के पर्वतीय इलाकों में बीते दो दिन हुई बारिश व बर्फबारी का असर अगले कुछ दिनों तक मैदानी इलाकों में देखने को मिलेगा। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार प्रदेश भर में 18 दिसंबर तक मौसम शुष्क तो रहेगा, लेकिन शीतलहर के चलते पहाड़ से लेकर मैदान तक सुबह-शाम के समय ठंड सताएगी।

इसके अलावा दोनों समय के तापमान में गिरावट भी देखने को मिलेगी। रविवार को गढ़वाल मंडल के पर्वतीय जिलों उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, टिहरी, देहरादून और पौड़ी गढ़वाल में दिन में मौसम साफ रहा, लेकिन रात में पाला गिरने से ठिठुरन बढ़ रही है। राज्य में सुबह शाम कड़ाके की ठंड पड़ रही है, हालांकि दोपहर में धूप खिलने से थोड़ी राहत मिल रही है।

वहीं, हरिद्वार और रुड़की में सुबह के समय कोहरा होने से परेशानी हो रही है। वहीं केदारनाथ में न्यूनतम तापमान -5 डिग्री तक पहुंच रहा है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है, चार धाम समेत ऊंचाई वाले इलाकों में हुई बर्फबारी का सीधा असर मैदानी इलाकों के तापमान में पड़ता है। शीतलहर के चलने से सुबह-शाम के साथ दिन के तापमान में भी असर देखने को मिलता है।

हालांकि विंटर बारिश न होने की वजह से बीते कुछ दिनों से मैदानी इलाकों के अधिकतम तापमान में एक-दो डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की जा रही थी। यही वजह है कि मैदानी इलाकों में सुबह के समय कोहरे की चादर लोगों को परेशान कर रही है। खासकर ऊधमसिंह नगर और हरिद्वार जिले में कोहरा छा रहा है।

प्रदेश भर में दिसंबर महीने में साल 2014 में रिकॉर्ड बर्फबारी हुई थी। इस साल पूरे राज्य में 24 इंच बर्फबारी दर्ज की गई थी। इससे पहले साल 2005 में 3.8 इंच बर्फबारी हुई थी। जबकि बीते साल नवंबर और दिसंबर के महीने में न के बराबर बर्फबारी देखने को मिली थी। इसकी बड़ी वजह विंटर बारिश का कम होना बताया गया था।