उत्तराखंड के सुधार-गृह में 15 साल की लड़की का रेप : दो महिला स्टाफ पीड़ित को बाहर ले जाकर दुष्कर्म करवाती थीं, POCSO के तहत केस दर्ज

उत्तराखंड के हल्द्वानी में शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक संप्रेक्षण गृह की 15 साल की लड़की से हैवानियत हुई है। आरोप है संप्रेक्षण गृह की ही दो महिलाएं लड़की को सेंटर से बाहर निकालकर एक मकान में ले जाती थीं और उसका रेप करवाती थीं।

बाल कल्याण समिति के सदस्य रविंद्र रौतेला की तहरीर पर हल्द्वानी कोतवाली पुलिस ने दोनों महिला कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।

रविंद्र रौतेला ने पुलिस में दी तहरीर में कहा है कि महिला कर्मचारी दीपा और गंगा संप्रेक्षण गृह में रह रही एक नाबालिग को बाहर लेकर जाती थीं। जहां उसके साथ दुष्कर्म होता था।

तहरीर पर हल्द्वानी कोतवाली पुलिस ने दोनों महिला कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की। बताया जा रहा है कि बाल कल्याण समिति के लोगों ने पीड़ित नाबालिग से इस मामले में बातचीत की थी। नाबालिग ने अपने साथ हुई हैवानियत के बारे में बताया तो समिति के लोग दंग रह गए।

इस पूरे मामले में एसपी सिटी हरबंस सिंह ने कहा है कि जांच की जा रही है। महिला आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 323/228/376 सहित पोक्सो एक्ट की धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है।