निलंबित महिला दरोगा का पुलिस चौकी में धमकाने का वीडियो वायरल

मीडिया ग्रुप, 17 नवंबर, 2023

निलंबित महिला दरोगा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। यह वीडियो दमुवाढूंगा पुलिस चौकी, हल्द्वानी का बताया जा रहा है। वीडियो में महिला दरोगा एक पक्ष को धमकाते हुए दिख रही है। हालांकि मीडिया ग्रुप इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।

एक पक्ष ने एसएसपी प्रहलाद नारायण मीणा को शिकायत पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है। वार्ड नंबर-37 दमुवाढूंगा निवासी सुनीता देवी ने एसएसपी के नाम भेजे शिकायत पत्र में बताया कि उनके घर में एक महिला काम करती थी, लेकिन गलत आचरण के कारण उन्होंने उसे नौकरी से हटा दिया था।

वह महिला अब निलंबित महिला दरोगा के घर में नौकरी करती है। आरोप है कि काम करने वाली महिला ने उसकी मां से चार हजार रुपये उधार लिए थे। उन्होंने पैसे मांगे तो महिला दमुवाढूंगा टीनशेड चौकी पहुंच गई। जहां दोनों पक्षों में समझौता हो गया था।

निलंबित महिला दरोगा ने चौकी पहुंचकर मामले को तूल दे दिया। परिवार को धमकी दी। कई आपत्तिजनक शब्द कहे। उसके पति भारतीय सेना में हैं। पति के सामने सबको धमकाया। इधर, हंगामे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें दरोगा एक महिला पर गाली देने का आरोप लगा रही है और जूते से पीटने की बात कह रही है।

महिला दरोगा का कहना है कि उसके घर एक लड़की काम करती है। लड़की की मां बुजुर्ग है। उसे परेशान किया जा रहा था। उसके बुलाने पर वह मानवता के नाते वहां गई थीं। महिला ने चौकी में मेरे साथ अभद्रता की। इसकी वीडियो भी मेरे पास है।