दीपावली पर ‘वोकल फॉर लोकल’ की धूम, हुआ 3.75 लाख करोड़ रुपये का रिकॉर्ड कारोबार, चीन को झटका

मीडिया ग्रुप, 14 नवंबर, 2023

दीपावली के त्योहारी सीजन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील, ‘वोकल फॉर लोकल’ का असरदार जादू देखने को मिला है।

कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के राष्ट्रीय महामंत्री प्रवीन खंडेलवाल का कहना है कि दीपावली पर देशभर में 3.75 लाख करोड़ रुपये का रिकॉर्ड कारोबार हुआ है।

दूसरी तरफ चीन को करीब एक लाख करोड़ रुपये से ज्यादा का नुकसान संभावित है। इसकी वजह, लोगों ने अपने त्योहारों को सेलिब्रेट करने के लिए चीन में बनी वस्तुएं खरीदने से गुरेज किया है।

भारतीय बाजारों में ‘वोकल फॉर लोकल’ की मुहिम सफल होती हुई नजर आई। कैट के राष्ट्रीय अध्यक्ष बीसी भरतिया एवं राष्ट्रीय महामंत्री प्रवीण खंडेलवाल के मुताबिक, दीवाली पर ‘भारतीय उत्पाद-सबका उस्ताद’ अभियान की जबरदस्त धूम मची रही।

खरीदारी के वक्त लोगों का झुकाव ‘वोकल फॉर लोकल’ पर रहा। इस वर्ष के दिवाली सीजन में देशभर के बाजारों में 3.75 लाख करोड़ रुपये से अधिक का रिकॉर्ड तोड़ व्यापार हुआ है।

सभी त्योहारों पर ग्राहकों द्वारा जमकर भारतीय वस्तुओं की खरीदारी की गई। अभी गोवर्धन पूजा, भैया दूज, छठ पूजा एवं तुलसी विवाह आदि त्योहार बाकी हैं।

इनमें भी लगभग 50 हजार करोड़ रुपये का व्यापार होने की संभावना है। इस बार चीन को दिपावली पर्व पर लगभग एक लाख करोड़ रुपये से ज्यादा का नुकसान हुआ है।

कैट के पदाधिकारियों का कहना है कि पूर्व के वर्षों में दीवाली के त्योहारी सीजन पर चीन से बनी वस्तुओं को भारत में लगभग 70 फीसदी बाजार मिल जाता था।

इस बार वह प्रतिशत नीचे आ गया है। देश के व्यापारी वर्ग ने इस बार दीपावली से संबंधित वस्तुओं को चीन से आयात करने का आर्डर नहीं दिया।

कैट ने इस दीवाली पर देश भर में ‘भारतीय उत्पाद-सबका उस्ताद’ अभियान चलाया, जो बेहद सफल रहा है। इस मुहिम को देशभर के ग्राहकों का बड़ा समर्थन मिला है।