उधमसिंह नगर : किच्छा में अवैध संबंधों के चलते हैवान बने दो दोस्त, तीसरे दोस्त को कुल्हाड़ी से काटा, नाले में फेंका शव।

मीडिया ग्रुप, 16 मई, 2023

अवैध संबंधों के चलते दो युवकों ने अपने ही दोस्त की कुल्हाड़ी से काटकर जान ले ली। बाद में उसके शव को एक नाले में फेंक दिया। पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लेकर दस दिन बाद युवक का सड़ा गला शव बरामद किया| आजादनगर निवासी विश्वजीत पांच मई को अपनी बाइक से हल्द्वानी के लिए निकला था। उसकी बाइक भूड़िया कॉलोनी थाना बहेड़ी की सीमा के पास मिली थी।

पुलिस ने मामले की जांच की तो विश्वजीत के दोस्त करन, सुकंतो को हिरासत में लिया। सोमवार को देर शाम दोनों की निशानदेही पर आजादनगर के एक नाले से शव बरामद किया गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार हत्या की वजह एक महिला से अवैध संबंध बताया जा रहा है। एक हत्यारोपी के संबंध उसके घर के पास रहने वाली एक महिला से थे।

घटना के दिन आरोपियों ने फोन करके विश्वजीत को बुलाया और उसके आने के बाद तीनों ने शराब पी और दोनों ने कुल्हाड़ी से विश्वजीत को मौत के घाट उतार दिया। शव नाले के पास झाड़ियों में फेंक दिया।

एएसपी क्राइम मनोज कुमार कत्याल ने बताया कि दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। उनकी निशानदेही पर शव बरामद कर लिया गया है। आरोपियों से पूछताछ जारी है। मामले का खुलासा मंगलवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक करेंगे।