रुद्रपुर : कचरे का पहाड़ तीन माह में हटाने के निर्देश।

मीडिया ग्रुप, 05 मई, 2023

रूद्रपुर। किच्छा रोड पर दशकों से जमा हुए कचरे के पहाड़ को हटाने का काम नगर निगम रुद्रपुर की ओर से युद्ध स्तर पर जारी है। मेयर रामपाल सिंह और नगर आयुक्त विशाल मिश्रा ने कचरा निस्तारण के कार्यों का मौके पर पहुंचकर औचक निरीक्षण किया।

मेयर रामपाल सिंह और नगर आयुक्त विशाल मिश्रा ने जेसीबी पर बैठ कर ट्रेंचिंग ग्राउंड का निरीक्षण किया। इस दौरान नगर आयुक्त विशाल मिश्रा ने कचरा निस्तारण के काम में लगी कार्यदायी संस्था के काम से संतुष्ट नजर नही आए।

उन्होनें बताया कि 80% कूड़े का निस्तारण किया जा चुका है। शेष बचे कूड़े को हटाने के लिए कार्यदाई संस्था के अधिकारी को तीन माह के भीतर कूड़ा हटाने के लिए निर्देशित किया।

तीन माह में कूड़ा ना हटने पर नोटिस जारी करने की बात कही। बता दें किच्छा रोड स्थित ट्रचिंग ग्राउण्ड में कचरे के पहाड़ को हटाने का अभियान नगर निगम की ओर से शुरू किया गया था। जो अब युद्ध स्तर पर चालू है।

कचरे को हटाने की मांग लम्बे समय से की जा रही थी जिसके लिए कई बार आंदोलन भी किये गये। मेयर रामपाल सिंह ने चुनाव के दौरान शहरवासियों से किच्छा रोड पर ट्रचिंग ग्राउण्उ को हटाने का वायदा करते हुए उसे अपने घोषणा पत्र में शामिल किया था।

अपनी घोषणा के मुताबिक उन्होने कचरे के पहाड़ को हटाने के लिए कार्ययोजना तैयार की और कचरे को निस्तारित करने का काम दिल्ली की एक संस्था को दिया गया।

दिल्ली की संस्था ने कचरे को निस्तारित करने के लिए ट्रोमल कन्वेयर मशीन स्थापित की है। जिसके माध्यम से कचरे की छनाई की जा रही है।

मेयर रामपाल सिंह और नगर आयुक्त विशाल मिश्रा ने मौके पर पहुंचकर कचरे की छटाई के काम का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यदायी संस्था को जल्द से जल्द कचरे को निस्तारित करने के निर्देश दिये।