शराब की आदी महिला ने शौचालय में दिया बच्चे का जन्म, खिड़की से बाहर नाले में फेंका।

मीडिया ग्रुप, 25 अप्रैल, 2023

एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। दरअसल एक महिला ने अपने घर के शौचालय में बच्चे को जन्म दिया तो उसे शौचालय की खिड़की तोड़कर बाहर नाले में फेंक दिया।

आसपास के लोगों ने यह देखा तो पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद पुलिस ने बच्चे को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान अगले दिन बच्चे ने दम तोड़ दिया।

कोलकाता पुलिस ने बताया कि महिला शनिवार शाम करीब साढ़े चार बजे शौचालय गई थी। इसी दौरान उसने बच्चे को जन्म दिया। बच्चे के अचानक जन्म से महिला को कुछ समझ नहीं आया।

महिला ने शौचालय की खिड़की तोड़ी और बच्चे को खिड़की से नाले में फेंक दिया। स्थानीय लोगों ने जब खिड़की टूटने की आवाज सुनी तो देखा कि महिला खिड़की से कुछ फेंक रही है।

इस पर स्थानीय लोगों ने नाले के पास जाकर देखा तो उन्हें नाले में एक नवजात बच्चा दिखाई दिया। इस पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने बच्चे को नाले से निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया। बच्चे की हालत गंभीर थी और इलाज के दौरान रविवार सुबह उसने दम तोड़ दिया।