मैकेनिक ने किशोरी के साथ किया दुष्कर्म, गिरफ्तार।

मीडिया ग्रुप, 23 अप्रैल, 2023

देहरादून। कारगी चौक क्षेत्र का युवक एक किशोरी को बहला फुसलाकर अपने साथ पठानकोट ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया। नेहरू कालोनी थाना पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर किशोरी को बरामद कर लिया है।

थानाध्यक्ष नेहरू कालोनी लोकेंद्र बहुगुणा ने बताया कि 11 अप्रैल को किशोरी घर से बिना बताए कपड़े व दस्तावेज लेकर कहीं चली गई। परिवार के लोग आसपास तलाश करते रहे, लेकिन उसका कहीं पता नहीं लगा। इसके बाद उन्होंने इसकी शिकायत थाने में की।

पुलिस ने जब किशोरी की तलाश की और उसकी कॉल डिटेल खंगाली तो उसमें एक नंबर संदिग्ध पाया गया। नंबर की लोकेशन दिल्ली मिलने पर तुरंत एक टीम को दिल्ली रवाना किया गया। वहां से पता चला कि आरोपित किशोरी को पठानकोट ले गया।

पुलिस टीम पठानकोट पहुंची और वहां से आरोपित युवक को गिरफ्तार किया। आरोपित ने पूछताछ में बताया कि वह कारगी चौक क्षेत्र में मैकेनिक का काम करता है। कुछ समय पहले वह किशोरी के घर गया था, जहां उसकी जान पहचान हो गई। मौका पाकर वह किशोरी को लेकर दिल्ली चला गया। वहीं, किशोरी ने बताया कि आरोपित ने उसके साथ पठानकोट में कई बार दुष्कर्म किया।